प्यार, साजिश और बदले की कहानी में ‘रोमियो’ का स्टाइल बना चर्चा का केंद्र

Entertainment

यह फिल्म एक पारंपरिक बॉलीवुड स्टोरी है, जिसमें प्यार, साजिश और बदले की कहानी साथ साथ चलती है. गैंगस्टर ड्रामा, सुपारी किलिंग, गायब होती लड़की और ट्रेन वाला टकराव जैसे कई मसालेदार मोड़ कहानी को आगे बढ़ाते हैं, लेकिन इसकी सबसे बड़ी चर्चा मुख्य किरदार ‘रोमियो’ के स्टाइल को लेकर है. काफी समय बाद बॉलीवुड में ऐसा किरदार दिखता है जिसके कपड़े, बॉडी लैंग्वेज और एटीट्यूड को दर्शक कॉपी करना चाहेंगे.

खान के लिए काम करने वाला रोमियो और सुपारी की दुनिया

फिल्म में शाहिद कपूर ने ‘रोमियो’ का किरदार निभाया है, जो नाना पाटेकर के निभाए गैंगस्टर ‘खान’ को रिपोर्ट करता है. बचपन की परिस्थितियों से अपराध की दुनिया में आया यह किरदार सुपारी लेकर लोगों को मारता है. कहानी में मोड़ तब आता है जब एक रहस्यमयी लड़की चार लोगों की हत्या की लिस्ट लेकर उसके पास आती है, जिनमें स्पेन में रहने वाला जलाल भी शामिल है. गन चोरी, सरकारी वकील पर हमला और नेपाल काठमांडू से लड़की का अचानक गायब होना कहानी को लगातार ट्विस्ट देता है.

महिला किरदार मजबूत नहीं, पुरुष पात्रों के सहारे आगे बढ़ती कहानी

फिल्म का महिला किरदार बदला लेने की कोशिश जरूर करता है, लेकिन वह खुद से ज्यादा रोमियो, खान और पुलिस अधिकारी पति जैसे पुरुष पात्रों पर निर्भर दिखता है. वह कहानी के केंद्र में होते हुए भी स्वतंत्र पहचान नहीं बना पाता और हर बड़ा फैसला पुरुष किरदारों की वजह से आगे बढ़ता है. यहां तक कि संगीत से जुड़े होने के बावजूद उसका भावनात्मक और एक्शन स्पेस भी सीमित लगता है, जिससे किरदार मजबूत बनकर नहीं उभरता.

अनकंडीशनल लव, ट्रेन वाला क्लाइमैक्स और हिंसा का ट्रेंड

रोमियो और लड़की के बीच रिश्ता शारीरिक नहीं बल्कि अनकंडीशनल लव के रूप में दिखाया गया है. ट्रेन में होने वाला टकराव, गोलीबारी और नदी में गिरने वाला सीन फिल्म के बड़े एक्शन मोमेंट बनते हैं. फिल्म में मर्डर और हिंसा को बैकग्राउंड स्कोर के साथ जिस सहज तरीके से दिखाया गया है, वह हाल के ‘एनिमल’ और ‘धुरंधर’ जैसे ट्रेंड की याद दिलाता है, जहां हिंसा कहानी का सामान्य हिस्सा बन जाती है.

कैमियो, सपोर्टिंग रोल और सीमित स्क्रीन टाइम

फिल्म में विक्रांत मैसी का किरदार कहानी में अलग परत जोड़ता है और कई जगहों पर भावनात्मक टकराव को मजबूत करता है.

तमन्ना भाटिया का छोटा कैमियो और दिशा पटानी का हल्का सा सपोर्टिंग रोल फिल्म में नजर आता है, लेकिन दोनों का स्क्रीन टाइम सीमित है. पुलिस अधिकारी का किरदार कहानी के टकराव को तेज करता है और रिवेंज ड्रामा को आगे बढ़ाता है.

शाहिद कपूर का ‘रोमियो’ बना फिल्म की सबसे बड़ी उपलब्धि

शाहिद कपूर का रोमियो शांत, स्टाइलिश और खतरनाक अंदाज में सामने आता है. लंबे समय बाद बॉलीवुड में ऐसा मुख्य किरदार दिखता है जिसके स्टाइल को दर्शक कॉपी करने की बात कर सकते हैं. इसमें टेडी के साथ किया एक्शन सीन याद रह जाता है

फिल्म की कहानी भले ही पारंपरिक लगे, लेकिन रोमियो का स्टाइल और स्क्रीन प्रेजेंस इसे अलग पहचान देने की कोशिश करता है.

-पायल गुप्ता