श्रीमनःकामेश्वरनाथ रामलीला में निकली भव्य श्रीराम बारात, महोदव और नौ देवियों की झांकियों ने मोहा मन

विविध

आगरा: नृप समीप सोहहिं सुत चारी, जनु धन धरमादिक तनुधारी।। अपने प्रभु श्रीराम को दूल्हा स्वरूप में देख वियोग की अग्नि शांत हो गयी। प्रीति की रीति का बखान नहीं हो सकता। गुरु विश्वामित्र और वशिष्ठ सहित राजा दशरथ के साथ चारों पुत्रों को देखकर लगा कि मानो अर्थ, धर्म, काम और मोक्ष देह धारण किये हैं। रामचरित मानस में वर्णित ये भाव आज दिगनेर में हर नर−नारी के मुख पर प्रमाणित से लग रहे थे। श्रीराम चंद्र जी की दिव्य− भव्य वर यात्रा, विविध देव स्वरूपों की झांकियों संग जब निकली तो घूंघट की हर ओट में से श्रद्धावान नेत्र झांकने लगे। पगधारियों के शीश नतमस्तक हो गए।

मंगलवार को गढ़ी ईश्वरा, ग्राम दिगनेर, शमशाबाद रोड स्थित श्रीमनः कामेश्वर बाल विद्यालय में चल रहे श्रीमनःकामेश्वरनाथ रामलीला महोत्सव के पंचम दिन राम बारात निकाली गई। राम बरात शाेभायात्रा का शुभारंभ लीला मंचन स्थल पर श्रीहनुमान चालीसा पाठ से हुआ। इसके बाद चारों स्वरूपों ने गुरू समाधि स्थान पर गिरिराज महाराज के दर्शन किए। शुभ शगुन, गौ पूजन, गुरु वंदन कर गोधूलि बेला में गुरु वशिष्ठ स्वरूप श्रीमहंत योगेश पुरी ने चारों भइयों श्रीराम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के तिलक एवं आरती कर अश्व पर विराजमान किया। वरयात्रा की अगुवायी करते हुए श्रीमहंत योगेश पुरी एवं श्रीमनः कामेश्वर मठ प्रशासक हरिहर पुरी अश्व सवार हो चल रहे थे।

श्री राम बारात में शामिल भक्त

श्रीराम की वरयात्रा में सबसे प्रथम पंक्ति में ऊंटों पर ध्वजा धारण करे सवार थे और उनके पीछे ढोल ताशों की गूंज के साथ गणेश जी की झांकी चली। दूसरी झांकी में मां भगवती का दर्शन व गांव की नौ कन्याएं देवी स्वरूप में रथ पर थीं। श्रीमनः कामेश्वर नाथ की झांकी जैसे ही मार्ग से निकल रही थी हर हर महादेव की गूंज उठ रही थी। इस झांकी के बाद गुरु वशिष्ठ के साथ चारों भाइयों ने अपने दर्शन दिए।

वरयात्रा में स्थानीय युवा गाड़ी सजाकर भजन गाते हुए चल रहे थे। मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने बताया कि आस पास के गांव के लोगों ने राम बरात में स्वतः प्रेरणा से दर्जनभर से अधिक झांकियां निकालीं। वरयात्रा की भव्यता ने आगरा, फिरोजाबाद, शमशाबाद तक से भक्तों को इतना आकर्षित किया कि बस, कारें भर− भर कर लोग पहुंचे। पूर्व विधायक काली चरण सुमन, डॉ रुचि चतुर्वेदी, एड अशोक चौबे, आदर्श नंदन गुप्त, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, विधायक छोटे लाल वर्मा, विधायक डॉ धर्मपाल सिंह, ठाकुर सूर्य प्रताप सिंह, शिव कुमार, ब्लॉक प्रमुख उत्तम सिंह आदि उपस्थित रहे।

श्रीराम की जय के उद्घोष से गूंज उठा दिगनेर

ग्रामीण क्षेत्र दिगनेर में दूसरी बार राम बारात निकाली गयी। स्थानीय युवाओं का उत्साह अपने चरम पर था। युवाओं की टोली आगे बढ़कर वरयात्रा की व्यवस्थाएं संभाल रही थी। हर ओर से बस जय श्रीराम के जय घाेष लग रहे थे। वहीं महिलाएं वरयात्रा में शामिल होने के लिए विशेष रूप से श्रंगारित होकर पहुंची। बारात के साथ चलते हुए शगुन के गीत गाती महिलाएं यूं लग रही थीं मानों अपने पुत्र के विवाह की उमंग से उमंगित हैं। मुख्य मार्ग पर स्थानीय लोगों ने ट्रेफिक व्यवस्था को संभाले रखा तो गलियों में लटकते बिजली के तारों को संभालने की तैयारी भी कर रखी थी।

सैंकड़ों जगह हुआ वरयात्रा का स्वागत

पूरे क्षेत्र में वरयात्रा का भ्रमण कराया गया। स्वरूपों की आरती उतारने को हर घर के द्वार पर भक्तों की भीड़ उमड़ रही थी। छतों पर चढ़कर पुष्प वर्षा लोग कर रहे थे। आस्था और भक्ति का अनूठा संगम वर्तमान में त्रेता काे जीवंत कर रहा था।