आगरा/दिल्ली: फतेहपुर सीकरी सांसद एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा किसान मोर्चा राजकुमार चाहर की पहल पर दिल्ली में बसे बृजवासियों के लिए प्रथम बृजवासी होली मिलन एवं सांस्कृतिक समारोह का भव्य आयोजन अपने दिल्ली आवास 189 नार्थ एवेन्यू पर किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दिल्ली में रह रहे बृजवासियों को एक मंच पर लाकर उनके बीच आपसी मेल-जोल को बढ़ावा देना और उन्हें अपनी संस्कृति व परंपराओं से जोड़े रखना था।
बृज संस्कृति और परंपराओं का जीवंत प्रदर्शन
कार्यक्रम की शुरुआत श्रीकृष्ण आराधना और बृज की पारंपरिक होली के साथ हुई। इसके बाद लोकनृत्य, भजन संध्या और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। कलाकारों ने बृज की प्रसिद्ध लठमार होली, फूलों की होली और फाग के गीतों की प्रस्तुति दी, जिससे उपस्थित जनसमूह भाव-विभोर हो गया।
होली मिलन समारोह पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा होली का त्योहार हर्ष, उल्लास,और नवीन ऊर्जा का प्रतीक है,आज दिल्ली में सभी बृजवासीयों को एक साथ बृजवासी होली मिलन समारोह में देख कर आपसी भाईचारे का प्रतीक रहा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा भाई राजकुमार चाहर के बृजवासी होली मिलन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में सम्मिलित होकर ब्रज क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं के अद्भुत संगम को अनुभव किया।
मेरठ सांसद अरुण गोविल ने कहा होली रंगों का त्योहार है,प्रेम का त्योहार है इस बार मेने पहली बार होली दिल्ली में ब्रजवासियो के साथ मनाई है,में तो 3 साल बृज में रहा हु मेरा तो बृज से पुराना नाता है। मुझे खुशी हुई कि आज मुझे राजकुमार जी के यहा बृज के होली मिलन में शामिल हुआ। मेने बृज की सी होली कहि देखी भी नही है।
सांसद मनोज तिवारी ने कहा रंग पंचमी के दिन दिल्ली में प्रथम बार बृजवासी होली मिलन समारोह का आयोजन हुआ है में देख रहा हु जितने मेरे साथी सांसद इस बृज की होली में यहा बैठे है लगता है यही बृज का प्यार स्नेह व भाईचारा है।
इसी क्रम में होली मिलन समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में आज दिल्ली में बृज की होली रे रसिया,होली के गीतों पर जमकर बृजवासियों ने नृत्य किया साथ ही सभी को गले मिल जुलकर होली की बधाई दी।
इस अवसर पर सांसद राजकुमार चाहर ने अपने संबोधन में कहा, “दिल्ली में बसे बृजवासी हमारी संस्कृति और परंपराओं के संवाहक हैं। यह आयोजन उन्हें एक मंच पर लाने और उनके बीच आपसी संवाद को बढ़ाने का एक प्रयास है। होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, सौहार्द और एकता का प्रतीक है, और यही संदेश इस आयोजन के माध्यम से दिया गया है।”
दिल्ली में होली के रंगों में सराबोर हुआ बृज समाज
इस समारोह में दिल्ली और आसपास के हजारों बृजवासियों ने हिस्सा लिया। लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं और फूलों की होली खेली। कार्यक्रम के अंत में, सभी अतिथियों को पारंपरिक प्रसाद और बृज व्यंजनों का स्वाद भी चखने का अवसर मिला।
यह आयोजन दिल्ली में बसे बृज समाज के लिए न केवल सांस्कृतिक उत्सव था, बल्कि यह एक सामाजिक मिलन समारोह भी साबित हुआ, जिसमें हर उम्र और वर्ग के लोग बढ़-चढ़कर शामिल हुए और अपनी संस्कृति से गहराई से जुड़ने का अनुभव किया।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री विप्लव कुमार देब, केंद्रीय मंत्री एस.पी. सिंह बघेल, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर,सांसद सुप्रिया सुले,सांसद राजकुमार सागवान, सतीश गौतम, नवीन जैन, भोला सिंह, अरुण गोविल, हनुमान बेनीवाल, डॉ. निशिकांत दुबे, उमेश पटेल, मनोज तिवारी, सांसद दीपेंद्र हुड्डा, सांसद चंद्रशेखर रावण, नवीन जिंदल, रमेश अवस्थी, अनूप प्रधान,दिल्ली भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता सहित सभी बृजवासी ने इस समारोह में भाग लिया और इसे सफल बनाया।