पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार डबल डेकर बस पलटी, सात लोगों की मौत, 41 यात्री घायल

Regional

लखनऊ (गोसाईगंज): उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 11.4 किमी पॉइंट (जौखंडी गांव) पर लुधियाना से दरभंगा जा रही एक तेज रफ्तार डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि 41 यात्री गंभीर रूप से घायल हैं।

हादसे की वजह: शराब, रफ्तार और ड्राइवर की नींद

घायल यात्रियों (विकास और रूपेश) ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। उनके मुताबिक, हादसे से करीब 45 मिनट पहले ड्राइवर एक ढाबे पर रुका था। वहां वह ढाबा संचालक की बाइक लेकर शराब लेने गया और शराब पीकर बस चलाने लगा। रास्ते में कई बार बस लहराई और अंततः 80 किमी/घंटा की रफ्तार पर ड्राइवर को झपकी आ गई, जिससे बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई।

पीजीआई ट्रॉमा सेंटर में ‘एपेक्स’ अलर्ट

​हादसे के बाद पीजीआई एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में युद्धस्तर पर राहत कार्य शुरू किया गया। एम्बुलेंस के पहुंचते ही नर्सिंग स्टाफ और डॉक्टर स्ट्रेचर लेकर गेट पर मुस्तैद दिखे।

मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, डीएम विशाख जी और पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार खुद मौके पर और अस्पताल में मौजूद रहे।

पीजीआई निदेशक प्रो. आरके थीमन ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर के अलावा संस्थान के अन्य विशेषज्ञ डॉक्टरों की ड्यूटी भी इमरजेंसी में लगा दी गई है।

मार्मिक मंजर: मां की ममता ने बचाई मासूम की जान

हादसे के बीच एक भावुक कर देने वाली तस्वीर सामने आई। बिहार निवासी फरमान और उनकी पत्नी सितारा अपने मासूम बेटे ‘आरू’ के साथ सफर कर रहे थे। बस पलटने के समय सितारा ने आरू को अपनी गोद में मजबूती से जकड़ लिया था। इस वजह से आरू पूरी तरह सुरक्षित बच गया, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती हैं।

​प्रशासनिक कार्रवाई और जांच

डीएम विशाख जी ने पुष्टि की है कि घायलों को पीजीआई सहित अन्य नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। क्रेन की मदद से बस को एक्सप्रेसवे से हटाकर यातायात सुचारू कर दिया गया है। पुलिस अब बस मालिक और फरार चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।