विजयादशमी समारोह में संघ प्रमुख भागवत ने हिंदू समाज को संयमित व्यवहार करने की दी नसीहत, कहा- हिंदू जहां भी रहें, संगठित और सशक्त रहें

Exclusive

नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक प्रमुख मोहन भागवत ने विजयादशमी समारोह के संबोधन में पूरे हिंदू समाज को संयमित व्यवहार करने की नसीहत दी। साथ ही कहा कि अगर किसी ने कुछ गलत किया है तो उसके लिए पूरे वर्ग को जिम्मेदार मानकर उपद्रव करना गलत है। संघ प्रमुख ने कहा कि समाज में विविधताएं हैं लेकिन यह अलगाव नहीं है, ये विशिष्टता है। ऐसी बातों को लेकर आपस में लड़ना ठीक नहीं है। हम सब संवेदनशील रहते हैं, इन बातों को लेकर वो ठीक है लेकिन उन्हें प्रकट करने का रास्ता संयम का होता है। कानून व्यवस्था को धता बताकर उपद्रव करना, किसी ने कुछ गलत किया पूरे वर्ग को जिम्मेदार मानना ये गलत है। गुस्सा कितना भी हो, असंयम से बचना चाहिए।

भागवत ने कहा कि मन वाणी और कर्म से किसी की श्रद्धा का, श्रद्धा वाले स्थान का, महापुरुष, ग्रंथ, अवतारों, संतों का अपमान ना हो इसका ध्यान अपने व्यवहार में रखना चाहिए। अगर किसी से ऐसा हो गया तो भी खुद पर संयम रखना चाहिए। असंयम के बदले असंयम से संयम निर्माण नहीं होता। बैर से बैर की शांति नहीं होती। उन्होंने कहा कि संयत व्यवहार करना सीखें। सब बातों से ऊपर समाज की एकता और सद्भावना जरूरी है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 साल अगले साल हो जाएंगे। संघ अब समरसता और सद्भावना का अभियान तेज करेगा। संघ प्रमुख मोहन भागवत ने हिंदुओं में अलग अलग जातियों के लोगों को मिलकर रहने और एक दूसरे के संतों, त्योहारों को साथ मनाने की अपील की। संघ प्रमुख ने हिंदू समाज को एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि समाज को संगठित और सशक्त रहना चाहिए। दुर्बलों की परवाह देव भी नहीं करते। उन्होंने कहा कि हम शताब्दी वर्ष के बाद समाज में यह विषय लेकर जाएंगे। समाजिक समरसता और सद्भावना लेकर हम जाएंगे। भागवत ने कहा कि विषमता इतनी हो गई है कि हमने अपने संतों को, त्योहार को बांट दिया। बाल्मीकि जयंती बाल्मीकि बस्ती में ही क्यों पूरा हिंदू समाज मनाए। उन्होंने कहा कि मंदिर, पानी, श्मशान सबके लिए खुले हों, ऐसा वातावरण चाहिए। उन्होंने कहा कि संघ समरसता, पर्यावरण, कुटुंबप्रबोधन, नागरिक अनुशासन और स्वदेशी, इन पांच चीजों को लेकर समाज में अभियान चलाएगा।

संघ प्रमुख ने कहा कि कई जगह कट्टरपंथ को उकसाकर उपद्रव किए जाते हैं। समाज में असंतोष के कई कारण हो सकते हैं। असंतोष को व्यक्त करने के तरीके भी संविधान में बताए हैं। उसका पालन होना चाहिए उसे ताक में रखकर और कहीं किसी ने कुछ किया और पूरे समाज को जिम्मेदार मानकर जो उपद्रव होते हैं, ये गुंडागर्दी होती है। कहीं ये समाज के कट्टरस्वभाव के कारण होती है कई बार कोई उपद्रवी लोग बीच में आकर ऐसा करते हैं। भागवत ने कहा कि गणेश उत्सव के दौरान विसर्जन के जुलूसों पर पथराव क्यों हुआ, कोई वजह नहीं थी। ऐसी बातों का नियंत्रण तुरंत करना प्रशासन का काम है। लेकिन समाज को तैयार रहना चाहिए, गुंडागर्दी किसी की नहीं चलने देनी है, अपना और अपनों का प्राण और वस्तु की रक्षा करना मूलभूत अधिकार है। जो पुलिस, प्रशासन को करना है वो उन्हें ही करने देना चाहिए लेकिन उनके आने तक अपनों के और अपने प्राण को बचाना अपना अधिकार है। उसके लिए समाज को सजग रहना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि ये मैं किसी को लड़ाने या डराने के लिए नहीं कह रहा है, ये परिस्थिति है, इसलिए कह रहा हूं।

संघ प्रमुख ने कोलकाता के हॉस्पिटल में हुए रेप केस का जिक्र करते हुए कहा कि एक द्रौपदी के वस्त्र को हाथ लगा महाभारत हो गया, सीता का हरण हुआ रामायण हो गया। लेकिन कोलकाता के आरजी कार हॉस्पिटल में क्या हुआ… समाज को कलंकित करने वाली घटना है। घटना हो ही नहीं इसलिए चौकन्ना रहना चाहिए। लेकिन वहां घटना होने के बाद भी जिस तरह अपराधियों को संरक्षण देने की कोशिश हुई, ये जो अपसंस्कृति फैली है और उसके साथ अपराध और राजनीतिक का गठबंधन हो गया है उसका यह नतीजा है।

भागवत ने 2024 में संघ के स्थापना दिवस के शताब्दी वर्ष में पहुंचने पर भी चर्चा की। संघ विजयादशमी पर अपना स्थापना दिवस मनाता है। 1925 में विजयादशी के दिन डॉ. बलिराम कृष्ण हेडगेवार ने इसकी शुरुआत की थी। आज के दिन अपने कार्य के सौ वर्ष में संघ पदार्पण कर रहा है। ये विशेष इसलिए भी है, क्योंकि महारानी दुर्गावती, महारानी होल्कर और महर्षि दयानंद का भी 200वां जन्म जयंती वर्ष चल रहा है। इनकी याद करना इसलिए जरूरी है कि इन लोगों ने देश, समाज और संस्कृति के हित में काम किया।

बांग्लादेश में ऐसी चर्चा है कि उसे भारत से खतरा है, इसलिए उसे पाकिस्तान का साथ देना होगा क्योंकि उनके पास परमाणु हथियार है। इससे वह भारत को रोक सकते हैं। सब जानते हैं कि कौन से देश ऐसी चर्चाओं को हवा दे रहे हैं। हमें उनका नाम लेने की जरूरत नहीं है, उनकी इच्छा भारत में भी ऐसे हालात पैदा करने की है। यह बांग्लादेश को सोचना होगा कि उनके देश में क्या हो रहा है। हिंदुओं पर हमले हो रहे हैं, जो ठीक नहीं है। बांग्लादेश में अत्याचारी कट्टरपंथी प्रकृति मौजूद है, हिंदुओं सहित अल्पसंख्यकों के सिर पर खतरे की तलवार लटकी हुई है।

संस्कार क्षय का नतीजा है कि देश में बलात्कार जैसी घटनाओं का मातृ शक्ति को सामना करना पड़ रहा है। कोलकाता की घटना सारे समाज को कलंकित करने वाली लज्जाजनक घटना है। विरोध कर रहे डॉक्टरों के साथ समाज खड़ा तो हुआ, लेकिन कुछ लोग अपराधियों को संरक्षण दे रहे हैं। ये अपराध, राजनीति और अपसंस्कृति का गठबंधन हमें बिगाड़ रहा है।

धर्म सिर्फ धर्म नहीं, भारत का स्वत्व है। धर्म भारत का प्राण है। वही हमारी प्रेरणा है। हम कौन हैं। हम खुद को हिंदू कहते हैं क्योंकि यह धर्म सार्वभौमिक है, सनातन है। यह ब्रह्मांड के साथ अस्तित्व में आया। न हमने इसे खोजा, न ही किसी को दिया। केवल इसकी पहचान की है। इसलिए इसे हिंदू धर्म कहते हैं, जो मानवता और विश्व का धर्म है।

परिस्थितियां कभी चुनौतीपूर्ण होती हैं तो कभी अच्छी। मानव जीवन भौतिक रूप से पहले की तुलना में अधिक खुशहाल है, लेकिन इस खुशहाल और विकसित मानव समाज में कई संघर्ष जारी हैं। इजराइल और हमास के बीच जो युद्ध शुरू हुआ, वह कितना व्यापक होगा, इसे लेकर हर कोई चिंतित है कि इसका दूसरों पर क्या प्रभाव पड़ेगा।