रफ्तार नहीं जिम्मेदारी जीती: आगरा में ‘प्रयास ऑन व्हील्स’ कार रैली ने सिखाया सुरक्षित सफर का सबक

विविध

आगरा। शहर में मेट्रो निर्माण, बढ़ते ट्रैफिक दबाव और घने कोहरे के बीच सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से सफ़ायर लायंस क्लब प्रयास द्वारा आयोजित ‘प्रयास ऑन व्हील्स’ कार रैली रविवार को अनुशासन, उत्साह और जिम्मेदारी के साथ संपन्न हुई। रैली का उद्देश्य तेज़ रफ्तार नहीं, बल्कि सुरक्षित, सतर्क और नियमबद्ध ड्राइविंग का संदेश देना रहा।

रविवार सुबह नुनिहाई स्थित अतुल ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज से रैली का शुभारंभ हुआ। राकेश गर्ग, अध्यक्ष लघु उद्योग निगम ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वितीय अजय भार्गव, नेशनल चैंबर के पूर्व अध्यक्ष अतुल गुप्ता तथा क्लब के चार्टर अध्यक्ष संजीव मित्तल विशेष रूप से उपस्थित रहे। रैली का समापन फतेहाबाद रोड स्थित Courtyard by Marriott Agra (एनीज़) में हुआ।

इस अवसर पर राकेश गर्ग और क्लब प्रयास के पूर्व अध्यक्ष अशु मित्तल ने रैली के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। रैली संयोजक तनुजा मांगलिक ने बताया कि यह कोई रेस नहीं बल्कि सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान था। लगभग 52 किलोमीटर के निर्धारित मार्ग को प्रतिभागियों ने 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की नियंत्रित गति से तय किया। मूल्यांकन तेज़ रफ्तार के बजाय ट्रैफिक नियमों के पालन, सतर्कता और टीमवर्क के आधार पर किया गया।

रैली में कुल 50 कारों ने भाग लिया। समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

प्रथम स्थान – संजीव चंद्रा, मंजूषा चंद्रा, अंशुमान बावरी, अंजली बावरी

द्वितीय स्थान – मनीष बंसल, परिणिता बंसल, विकास लाल, निधि लाल

तृतीय स्थान – दीपक अग्रवाल, शिवांगी अग्रवाल, आलोक अग्रवाल, रुपाली अग्रवाल, नंदिनी अग्रवाल

इसके अलावा रचनात्मकता और प्रभावी सड़क सुरक्षा संदेश के लिए सर्वश्रेष्ठ सुसज्जित कार का पुरस्कार कार संख्या तीन को दिया गया, जिसमें कन्हैया गोयल, मोनिका गोयल, रेणु भगत और अनिल शामिल रहे।

कार्यक्रम में डॉ. नरेंद्र मल्होत्रा, डॉ. जयदीप मल्होत्रा, रेणुका डांग, संजय डंग, कोषाध्यक्ष पंकज गर्ग, सचिव सुरभि पाटनी सहित बड़ी संख्या में क्लब सदस्य और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।