राहुल चाहर और इशानी की राहें हुईं जुदा: डेस्टिनेशन वेडिंग के 4 साल बाद क्रिकेटर ने लिया तलाक, पोस्ट लिखकर बताया दर्द

SPORTS

आगरा। आगरा के लाल और भारतीय टीम के स्टार लेग स्पिनर राहुल चाहर ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है। राहुल ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा करते हुए अपनी पत्नी इशानी से अलग होने की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। पिछले 15 महीनों से चल रही कानूनी लड़ाई और मानसिक दबाव के बाद आखिरकार इस क्रिकेटर ने जीवन के इस अध्याय को बंद करने का फैसला लिया है।

डेस्टिनेशन वेडिंग से लेकर तलाक तक का सफर

राहुल चाहर और इशानी की शादी 9 मार्च 2022 को गोवा में एक बेहद भव्य डेस्टिनेशन वेडिंग के साथ हुई थी। उस समय 22 वर्षीय राहुल की शादी की तस्वीरों ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। अपनी पोस्ट में राहुल ने स्वीकार किया कि कम उम्र में शादी करने के कारण वे जीवन की जटिलताओं और रिश्तों की प्राथमिकताओं को ठीक से समझ नहीं पाए थे।

मानसिक और आर्थिक चुनौतियों का किया सामना

राहुल ने अपनी पोस्ट में दर्द साझा करते हुए लिखा कि पिछला सवा साल उनके लिए काफी कठिन रहा। कोर्ट-कचहरी के चक्करों ने न केवल उन्हें मानसिक रूप से थकाया, बल्कि आर्थिक रूप से भी प्रभावित किया। उन्होंने लिखा, “मैं यह अध्याय किसी गुस्से या पछतावे के साथ नहीं, बल्कि शांति और स्पष्टता के साथ समाप्त कर रहा हूँ। अब नई शुरुआत का समय है।”

​IPL 2026 और टीम इंडिया में वापसी पर नजर

निजी जीवन के इस बड़े तूफान के बीच राहुल ने अपना पूरा ध्यान खेल पर लगा दिया है। आईपीएल 2026 में वे चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की पीली जर्सी में नजर आ रहे हैं, जहाँ टीम ने उन्हें 5.2 करोड़ रुपये की बड़ी राशि में साइन किया है। राहुल का लक्ष्य अब अपने स्पिन के जादू से भारतीय टीम में फिर से वापसी करना है।