राहुल को सजा सुनाए जाने से कांग्रेस में खलबली, राहुल और प्रियंका ने भी दी प्रतिक्रिया

Politics

प्रियंका गांधी ने लिखा- ‘डरी हुई सत्ता की पूरी मशीनरी साम, दाम, दंड, भेद लगाकर राहुल गांधी जी की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। मेरे भाई न कभी डरे हैं, न कभी डरेंगे। सच बोलते हुए जिये हैं, सच बोलते रहेंगे। देश के लोगों की आवाज उठाते रहेंगे। सच्चाई की ताकत और करोड़ों देशवासियों का प्यार उनके साथ है।’

राहुल के वकील बाबू मंगुकिया ने बताया कि मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एच. एच. वर्मा ने कांग्रेस नेता को आईपीसी की धाराओं 499 और 500 के तहत दोषी करार दिया। ये धाराएं मानहानि से जुड़ी हैं। राहुल गांधी ने कथित तौर पर कहा था, ‘सभी चोरों का एक जैसा सरनेम मोदी ही कैसे होता है?’ वायनाड से लोकसभा सांसद ने यह टिप्पणी 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले कर्नाटक के कोलार में एक रैली में की थी। राहुल की इस टिप्पणी के खिलाफ भाजपा के नेता और गुजरात के पूर्व मंत्री पूर्णेश मोदी ने शिकायत दर्ज कराई थी। कोर्ट का फैसला आते ही भाजपा नेता ट्वीट करने लगे हैं।

उधर, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राहुल को सजा देने के फैसले पर कहा कि लोकतंत्र में आंदोलन करना, जनता को सच बताना हमारा काम है लेकिन यह जो तानाशाही सरकार है यह न लोकतंत्र को मानती है और न सदन में चर्चा चाहती है। ये लोग संविधान और लोकतंत्र के हिसाब से नहीं चलना चाहते हैं। खरगे ने आगे कहा कि उन्हें (राहुल) जमानत मिल गई है। ये (भाजपा) लोग पहले जज को बदलते गए, हमें अंदाजा लग रहा था लेकिन हम कानून में विश्वास रखने वाले लोग हैं। कानून के तहत ही हम लड़ेंगे।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि मीडिया को दबाने की कोशिश है, कोर्ट को भी प्रभावित करने की कोशिश होती है। राजनीतिक दल के लोगों पर इसी स्तर पर जाकर वे कार्रवाई कर रहे हैं। अशोक गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी ने जो कहा था, वह राजनीतिक बयान था। ऐसी टिप्पणियां राजनीति में होती रहती हैं।

Compiled: up18 News