राहुल और अखिलेश एक ही सिक्के के दो पहलू, उन्हें सब कुछ विरासत में मिला: नंद गोपाल नंदी

Politics

आगरा। ‘उत्तर प्रदेश में 2017 से पहले व्यापारियों को घर से और उनके प्रतिष्ठान से माफियाओं द्वारा उठा लिया जाया करता था। यहां पर कोई भी बड़ा उद्यमी कारोबार करना नहीं चाहता था लेकिन 2017 के बाद आज करोड़ों रुपए का निवेश हो रहा है। किसी माफिया और बदमाश की हिम्मत नहीं है कि किसी व्यापारी की तरफ आंख उठा कर देख सके। आज हर मामले में उत्तर प्रदेश, सर्वोत्तम प्रदेश बन रहा है।’ यह कहना था उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास एवं प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता उर्फ़ नंदी का।

इन्वेस्टर्स मीट में आये थे नंद गोपाल नंदी

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नंद गोपाल नंदी आगरा में निवेशकों से मुलाकात करने के लिए आये थे। इसके लिए होटल क्लर्क शिराज में इन्वेस्टर्स मीट का आयोजन किया गया था। जिसमें शहर भर के उद्यमियों ने भाग लिया। मंत्री नंद गोपाल नंदी ने उत्तर प्रदेश में होने जा रही सबसे बड़ी इन्वेस्टर्स मीट की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निवेशकों के लिए उत्तर प्रदेश सर्वोत्तम प्रदेश बन गया है। इतना ही नही यहाँ पर अब हजारों करोड़ों का निवेश होने लगा है।

बदमाशों का एक ही ठिकाना वो भी जेल

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नंद गोपाल नंदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जब से योगी सरकार आई है गुंडे और बदमाशों का नया ठिकाना यूपी की जेल हो गया है और जो जेल में नही है वो प्रदेश छोड़कर फरार हो गए है। यूपी का व्यापारी इस समय बिल्कुल सुरक्षित है और बेखौफ होकर व्यापार कर रहा है।

सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य को बताया बकवास नेता

मंत्री नंद गोपाल नंदी ने विपक्ष पर भी जमकर जुबानी हमला बोला। रामचरित्र मानस को लेकर जो उनके द्वारा टिप्पणी की गई। उसको लेकर उन्होंने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य की मति मारी गई है। विनाश काले विपरीत बुद्धि। उन्होंने स्वामी प्रसाद मौर्य को बकवास नेता बताया और कहा कि वे स्वार्थ की राजनीति करते है। उन्होंने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य पहले बसपा में रहे फिर स्वार्थ के लिए भाजपा में आये और भाजपा में दाल नहीं गली तो सपा का दामन थाम लिया। पहले बहुजन समाज पार्टी में और फिर सपा में आकर ऐसी बातें कहते रहे हैं। ऐसे लोग सपा को समाप्त पार्टी बनाकर ही छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी बातें सस्ती लोकप्रियता के लिए की जाती हैं।। समाप्त होती पार्टी बनाने में जहां अखिलेश का एक बड़ा योगदान है वही स्वामी प्रसाद जैसे लोगों का भी बड़ा हाथ है।

राहुल और अखिलेश एक ही सिक्के के दो पहलू

नंद गोपाल नंदी ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर भी जमकर हमला बोला। कहा कि जब कोई राहुल गांधी की बात करता है तो आज भी लोग उन्हें पप्पू के नाम से संबोधित करने लगते हैं। राहुल गांधी और अखिलेश यादव अपनी मेहनत से यहां तक नहीं पहुंचे बल्कि उन्हें यह सब कुछ विरासत में मिला है। समाजवादी पार्टी को डुबोने में जितना हाथ अखिलेश का है तो कांग्रेस को डुबोने में उतना ही हाथ राहुल गांधी का भी है।