ग्रेटर नोएडा। भारत को तकनीक और विनिर्माण (Manufacturing) के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में शनिवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्रेटर नोएडा के यमुना सिटी में उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर यूनिट का वर्चुअली शिलान्यास किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे।
आपदा में तलाशा अवसर: पीएम मोदी
शिलान्यास के बाद देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “यह यूनिट भारत में तकनीकी क्रांति की शुरुआत है। कोविड काल में हमने देखा था कि सेमीकंडक्टर की सप्लाई रुकने से कैसे वैश्विक स्तर पर कंपनियां ठप पड़ गई थीं। उस समय भारत ने इस आपदा को अवसर में बदलने का संकल्प लिया था, जो आज धरातल पर उतर रहा है।”
आर्थिक महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर भारत: सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने भारत को उभरती हुई तकनीक के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित किया है। सीएम ने ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ (AI Impact Summit) की सफलता का जिक्र करते हुए बताया कि इसमें 110 देशों के प्रतिनिधियों और करीब 10 लाख लोगों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब देश की प्रगति और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के विजन में अपनी अग्रणी भूमिका निभाने के लिए तैयार है।
मानवता के लिए तकनीक का विजन
कार्यक्रम के दौरान जोर दिया गया कि इस सेमीकंडक्टर यूनिट के आने से न केवल इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटोमोबाइल क्षेत्र को मजबूती मिलेगी, बल्कि यह लाखों युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार भी खोलेगा। सीएम योगी ने इसे मानवता के जीवन को सरल और सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ा विजन बताया।

