मेरठ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज क्रांतिधरा मेरठ से उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया। इस दौरान पीएम ने ₹12,930 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात दी, जिसमें मेरठ मेट्रो और नमो भारत सेवाओं का शुभारंभ प्रमुख रहा। रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर तीखे हमले किए और भ्रष्टाचार से लेकर हालिया विवादों तक पर अपनी बात रखी।
“कांग्रेस देश के लिए बोझ बन गई है”
प्रधानमंत्री ने दिल्ली में आयोजित ‘AI ग्लोबल समिट’ के दौरान कांग्रेस नेताओं के व्यवहार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने वैश्विक आयोजन को अपनी गंदी राजनीति का अखाड़ा बना दिया। विदेशी मेहमानों के सामने कांग्रेस नेताओं ने जो किया, उससे पूरी दुनिया में देश की थू-थू हो रही है। कांग्रेस इतनी दरिद्र हो गई है कि वह अपने ही देश को बदनाम करने में जुटी है।”
विपक्ष को चुनौती: “जहरीली राजनीति छोड़ विकास पर मुकाबला करें”
पीएम मोदी ने सपा, बसपा और कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इन दलों ने हमेशा परिवारवाद और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा, “मैंने इन्हें जहरीली राजनीति छोड़कर विकास के मुद्दे पर लड़ने की चुनौती दी थी, लेकिन ये नहीं बदले। भाजपा का फोकस सिर्फ जनता की सेवा और विकास पर है, जिसका सबसे बड़ा उदाहरण आज मेरठ को मिली मेट्रो और नमो भारत ट्रेन है।”
”महिला सांसदों को आगे कर नहीं बन सकते प्रधानमंत्री”
संसद और सार्वजनिक मंचों पर विपक्ष के रवैये पर तंज कसते हुए मोदी ने कहा, “सीट पर कब्जा करके या महिला सांसदों को आगे करके आप प्रधानमंत्री नहीं बन सकते। प्रधानमंत्री बनने के लिए जनता का दिल जीतना पड़ता है।” उन्होंने कांग्रेस के सहयोगी दलों का आभार भी जताया, जिन्होंने हालिया विवादों में कांग्रेस की आलोचना की है।
भावुक अपील: “मोदी से नफरत में मां तक को दी गाली”
प्रधानमंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि कांग्रेस के नेताओं को उनसे इतनी नफरत है कि वे उनकी कब्र खोदना चाहते हैं। उन्होंने कहा, “इन्हें मेरी मां को गाली देने से भी परहेज नहीं है। ये भाजपा और NDA का विरोध करते-करते अब देश का विरोध करने लगे हैं। भारत को विकसित बनाने के प्रयासों को ये लोग पचा नहीं पा रहे हैं।”

