पवन सिंह तलाक केस: कोर्ट में फूट-फूटकर रोईं पत्नी ज्योति सिंह, मेंटेनेंस के लिए मांगी ₹10 करोड़ की राशि

Entertainment

आरा/पटना: भोजपुरी सिनेमा के ‘पावर स्टार’ और भाजपा नेता पवन सिंह का वैवाहिक विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। आरा सिविल कोर्ट के कुटुंब न्यायालय में तलाक और सुलह की सुनवाई के दौरान उस वक्त भावुक कर देने वाला मंजर दिखा, जब पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह जज के सामने फूट-फूटकर रो पड़ीं। ज्योति ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि शादी के सात साल बीत जाने के बाद भी उन्हें न तो पति का प्यार नसीब हुआ और न ही भरण-पोषण के लिए कोई आर्थिक सहायता मिली।

“सबने मेरा दर्द नजरअंदाज किया”

ज्योति सिंह ने जज से गुहार लगाते हुए कहा, “साहब, मेरा दर्द कोई नहीं समझ रहा है। मुझे लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।” उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि पवन सिंह उनके साथ नहीं रहना चाहते हैं, तो उन्हें 10 करोड़ रुपये की मेंटेनेंस राशि दिलाई जाए। उल्लेखनीय है कि इस महत्वपूर्ण सुनवाई के दौरान अभिनेता पवन सिंह कोर्ट में मौजूद नहीं थे; उनके वकील ने खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए उनकी अनुपस्थिति का कारण बताया।

लंबे समय से चल रहा है विवाद

पवन सिंह और ज्योति सिंह की शादी 7 मार्च 2018 को बलिया (UP) में बड़े धूमधाम से हुई थी। हालांकि, रिश्तों में आई कड़वाहट के बाद पवन सिंह ने अक्टूबर 2021 में तलाक की अर्जी दाखिल की थी। ज्योति सिंह ने पवन सिंह पर मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और दो बार जबरन गर्भपात कराने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं।

अगली सुनवाई पर टिकी नजरें

कोर्ट फिलहाल दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने की कोशिश कर रहा है। यदि 24 फरवरी को होने वाली अगली सुनवाई तक कोई सहमति नहीं बनती है, तो न्यायालय तलाक और मेंटेनेंस की मांगों पर विस्तृत सुनवाई शुरू करेगा।

बता दें ज्योति सिंह पवन सिंह की दूसरी पत्नी हैं। पवन सिंह की पहली पत्नी ने साल 2015 में संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली थी।