वृंदावन में 2000 से अधिक विधवाएं एक साथ होली खेलकर दर्ज कराएंगी गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम, योगी सरकार की पहल से होगा अनूठा आयोजन

Regional

लखनऊ। इस बार वृंदावन की होली केवल रंगों और उल्लास का पर्व ही नहीं, बल्कि इतिहास में दर्ज होने वाला एक अनूठा आयोजन बनने जा रही है। योगी सरकार के प्रयासों से वृंदावन में 2000 से अधिक विधवाएं एक साथ होली खेलेंगी और ‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में अपना नाम दर्ज कराएंगी। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग सामाजिक संगठनों के सहयोग से ‘विधवाओं की होली-2025’ का आयोजन करेगा, जिसमें अंतर्राष्ट्रीय मंच पर इस आयोजन को पहचान दिलाने की योजना है।

विधवाओं की होली: सामाजिक बदलाव की मिसाल

वृंदावन में विधवाओं की होली एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल है, जो पुरानी परंपराओं को तोड़ते हुए समाज में समानता और समावेशिता को बढ़ावा देती है। परंपरागत रूप से, विधवाओं को रंगों और त्योहारों से दूर रहने के लिए मजबूर किया जाता था, लेकिन वृंदावन में यह परंपरा बदल रही है। हर साल, हजारों विधवाएं अपने आश्रमों से निकलकर इस उत्सव में शामिल होती हैं, जिससे उनकी जिंदगी में खुशियों के नए रंग घुलते हैं।

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए भव्य आयोजन

योगी सरकार ने इस बार इस आयोजन को और भव्य बनाने की योजना बनाई है। ‘विधवाओं की होली-2025’ के दौरान 2000 से अधिक विधवाएं पारंपरिक लोक नृत्य, भक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच ऑर्गेनिक रंगों से होली खेलेंगी। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम इस कार्यक्रम की निगरानी करेगी और रिकॉर्ड दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी करेगी।

यह आयोजन विधवाओं के जीवन में खुशियां लाने के साथ ही समाज को एक सशक्त संदेश भी देगा। इससे न केवल सामाजिक समरसता को बल मिलेगा, बल्कि यह आयोजन भारत की सांस्कृतिक विरासत को भी वैश्विक मंच पर स्थापित करने का कार्य करेगा।

योगी सरकार की पहल से बदल रहा है समाज

उत्तर प्रदेश सरकार और सामाजिक संगठनों की इस पहल से विधवाओं को मुख्यधारा में लाने की कोशिश हो रही है। यह आयोजन समाज में महिलाओं की भागीदारी और उनके सम्मान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक साबित होगा।

अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मिलेगा पहचान

‘विधवाओं की होली-2025’ को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित किया जाएगा। इस आयोजन में विदेशी गणमान्य व्यक्तियों, मीडिया प्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं की भी भागीदारी होगी। पर्यटन विभाग इस ऐतिहासिक आयोजन को विश्व पर्यटन मानचित्र पर लाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है।

उत्सव जो न सिर्फ रंगों का, बल्कि सामाजिक बदलाव का प्रतीक बनेगा

वृंदावन की यह ऐतिहासिक होली विधवाओं की जिंदगी में नई रोशनी लाएगी और समाज को एक सकारात्मक संदेश देगी। यह केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम साबित होगा।

– साभार सहित