आगरा। भारतीय जनता पार्टी द्वारा फतेहाबाद रोड स्थित एसएनजे गोल्ड में आयोजित अनुसूचित जाति संवाद कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कांग्रेस और सपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इन दलों ने वर्षों तक अनुसूचित और वंचित समाज को सिर्फ वोट बैंक समझकर छल किया। जबकि भाजपा सरकार ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के सिद्धांतों को व्यवहार में उतारते हुए वंचित समाज को सशक्त किया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा की नीतियां तुष्टिकरण नहीं, बल्कि सशक्तिकरण पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करते हुए पंचतीर्थों का निर्माण कर अनुसूचित समाज को राष्ट्रीय गौरव से जोड़ा है।
धर्मपाल सिंह ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने सत्ता के लिए बाबा साहेब का अपमान किया और चुनाव हराने का षड्यंत्र रचा। वहीं समाजवादी पार्टी के मंच से बाबा साहेब को ‘भूमाफिया’ तक कहा गया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में अनुसूचित समाज के लोगों पर फर्जी मुकदमे दर्ज हुए, उनकी जमीनें छीनी गईं और बहन-बेटियां तक सुरक्षित नहीं रहीं।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने संविधान दिवस के रूप में 25 नवम्बर को मनाकर बाबा साहेब को राष्ट्र की ओर से सच्ची श्रद्धांजलि दी है। भाजपा सरकार ने अनुसूचित समाज को योजनाओं का सबसे अधिक लाभ दिलाया है और आरक्षण जैसे संवैधानिक अधिकारों को व्यवहारिक रूप से लागू किया है।
धर्मपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बाबा साहेब के सपनों को साकार करने में सहभागी बनें, विपक्ष के झूठ और काले कारनामों को उजागर करें, घर-घर जाकर संवाद करें और भाजपा को राष्ट्र निर्माण की अजेय शक्ति बनाएं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्ग विजय सिंह शाक्य ने की। कार्यक्रम में ब्रज क्षेत्र प्रभारी संतोष सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर उपाध्याय, धर्मेंद्र सिंह, दिनेश शर्मा, प्रदेश मंत्री विजय शिवहरे, अमित वाल्मीकि, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक जीएस धर्मेश, महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह, अशोक पिप्पल, इंद्रजीत आर्य, राहुल सागर, शिवकुमार प्रमुख ,उमाशंकर माहौर, महेश कर्दम, दिनेश भारत, ओम प्रकाश सागर, डॉ. रामबाबू हरित, प्रभु दयाल कठेरिया, ओमप्रकाश चलने वाले, मनोज राजौरा, पार्षद पूजा बाल्मिक, पार्षद गुड्डू मेनन सहित बड़ी संख्या में अनुसूचित जाति के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संचालन प्रदेश मंत्री डीपी भारती ने किया।