मथुरा। जनपद से लगते राजस्थान बार्डर पर गांव बाघई के जंगल में शनिवार को करीब चार बजे पुलिस की हुई मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हो गया। घायल बदमाश श्हजाद मेव 15 हजार रुपये का इनामी है। उसके पैर में गोली लगी है। आरोपित के खिलाफ लूट और चोरी के 11 मुकदमा दर्ज हैं।
राजस्थान के भरतपुर जिले के थाना गोपालगढ़ क्षेत्र के गांव जोत्री पीपल निवासी शहजाद गैंगस्टर एक्ट में जुलाई 2021 से फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपित की गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित कर दिया था। शाम को करीब चार बजे शहजाद की लोकेशन पुलिस को मथुरा-राजस्थान की सीमा पर गांव बाघई बार्डर के आसपास मिली।
एसपी सिटी एमपी सिंह ने बताया, पुलिस टीम को शहजाद की घेराबंदी करने को लगाया। गांव बाघई के जंगल में पुलिस का शहजाद से आमना-सामना हो गया। बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाई। पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हाे गया। उसके दाएं पैर में गोली लगी है। एसपी सिटी ने बताया कि अब तक आरोपित के खिलाफ लूट और चोरी का 11 मुकदमा दर्ज होने जानकारी हुई है। अन्य मुकदमों की जानकारी की जा रही है।
-एजेंसी