संगम नगरी से ‘मणिपुर’ की हुंकार: मोनालिसा की डेब्यू फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ का ट्रेलर प्रयागराज में लॉन्च

Entertainment

​प्रयागराज/मुंबई: माघ मेले की पावन धरती और त्रिवेणी संगम के सानिध्य में एक नया सिनेमाई इतिहास रचा गया। ‘कुंभ वायरल गर्ल’ के नाम से मशहूर अभिनेत्री मोनालिसा की बहुप्रतीक्षित डेब्यू फिल्म “द डायरी ऑफ मणिपुर” का आधिकारिक ट्रेलर शनिवार को प्रयागराज में लॉन्च किया गया। हालांकि प्रशासनिक अनुमति के अभाव में कार्यक्रम मेला परिसर में नहीं हो सका, लेकिन शहर के एक प्रतिष्ठित होटल में हुए इस भव्य आयोजन ने फिल्म के संदेश को वैश्विक मंच प्रदान कर दिया।

योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा और बीरेन सिंह का साथ

फिल्म की मेकिंग में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा मुख्य आधार रही। मणिपुर शेड्यूल के दौरान वहां के पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह का विशेष सहयोग मिला, जिससे एक संवेदनशील विषय पर आधारित इस फिल्म की शूटिंग सुचारू रूप से पूरी हो सकी। इसके अलावा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी कठिन मौसम में टीम की मदद की और फिल्म का पहला पोस्टर लॉन्च कर उत्साहवर्धन किया।

मोनालिसा के लिए भावुक पल

ट्रेलर लॉन्च के दौरान मोनालिसा काफी भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा, “माँ गंगा के आशीर्वाद से पिछले वर्ष इसी माघ मेले ने मेरी जिंदगी बदली थी। आज अपनी पहली फिल्म का ट्रेलर यहीं लॉन्च करना मेरे लिए गर्व और भावनाओं का क्षण है।” फिल्म में अहम भूमिका निभा रहे अभिनेता अभिषेक त्रिपाठी, अमित राव और दिनेश त्रिवेदी ने भी फिल्म को समाज के लिए एक सशक्त अनुभव बताया।

​संवेदना और सच्चाई का दस्तावेज

निर्देशक सनोज मिश्रा के निर्देशन में बनी यह फिल्म मणिपुर के संवेदनशील हालात और सामाजिक ताने-बाने को बड़े पर्दे पर उतारती है। मेकर्स का दावा है कि यह सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि एक कड़वी सच्चाई है जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर देगी।

-अनिल बेदाग/up18News