भारतीय संस्कृति की आत्मा और सनातन मूल्यों की संरक्षिका थीं लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर: जयवीर सिंह

Regional

आगरा। पुण्यश्लोक लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में त्रिशताब्दी स्मृति अभियान के अंतर्गत सोमवार को शमसाबाद के जीआर कॉस्मिक स्कूल में एक भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम हुआ। इस भव्य आयोजन के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह थे। उन्होंने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई का जीवन भारतीय संस्कृति की आत्मा और सनातन मूल्यों की संरक्षिका के रूप में आज भी उतना ही प्रासंगिक है।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि जब विदेशी आक्रांताओं के समय देश की सांस्कृतिक विरासत संकट में थी, तब माता अहिल्याबाई ने काशी, अयोध्या, सोमनाथ जैसे तीर्थ स्थलों का पुनर्निर्माण कर भारत की आत्मा को सहेजने का ऐतिहासिक कार्य किया।

उन्होंने कहा, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जो सांस्कृतिक पुनर्जागरण हो रहा है, वह राजमाता के कार्यों का ही विस्तार है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर और बटेश्वर में बनने वाला डिजिटल म्यूजियम इसी परंपरा के आधुनिक रूप हैं।

कार्यक्रम की संयोजक एवं जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने कहा कि राजमाता अहिल्याबाई होल्कर का जीवन नेतृत्व, सेवा और संवेदनशीलता की त्रयी है, जिससे आज की महिलाएं बहुत कुछ सीख सकती हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया ने कहा कि अहिल्याबाई का जीवन ‘धर्मो रक्षति रक्षितः’ का जीवंत उदाहरण है। उनका दर्शन, न्यायप्रिय शासन और सनातन मूल्यों के प्रति समर्पण आज भी की पीढ़ी के लिए प्रेरणा है।

विधायक छोटे लाल वर्मा ने उन्हें धर्म, सुशासन और नारी नेतृत्व का प्रतीक बताया और कहा कि उनका जीवन हमें सिखाता है कि सेवा और संस्कार के माध्यम से शासन भी जनकल्याणकारी बन सकता है।

पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह ने कहा कि वह केवल मालवा नहीं, संपूर्ण भारत की सांस्कृतिक धरोहर थीं। उन्होंने धार्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्रों के संरक्षण में जो भूमिका निभाई, वह आज भी प्रासंगिक और प्रेरणादायक है।

शमसाबाद के दर्जनों गांवों से हजारों लोग कार्यशाला में शामिल हुए। महिलाओं की विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने राजमाता के जीवन से प्रेरणा लेते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

मंच पर जनक सिंह बघेल (कार्यक्रम अध्यक्ष), जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष पंकजा शर्मा, पूर्व मंत्री रामसकल गुर्जर, पूर्व विधायक कालीचरण सुमन, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन प्रदीप भाटी, ठाकुर धनवीर सिंह तोमर सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।