आगरा SN मेडिकल कॉलेज में कमाल: नाक की जटिल सर्जरी का लाइव प्रदर्शन, अब सरकारी अस्पताल में भी सुलभ होगी ‘सेप्टोराइनोप्लास्टी’

Health

आगरा: ताजनगरी के सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज (SNMC) के ईएनटी विभाग ने शनिवार, 7 फरवरी को चिकित्सा जगत में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। विभाग द्वारा ‘सेप्टोराइनोप्लास्टी’ विषय पर एक विशेष लाइव सर्जिकल वर्कशॉप का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य जटिल और महंगी सर्जरी को आम जनता के लिए सरकारी अस्पताल में सुलभ बनाना है।

​क्या है सेप्टोराइनोप्लास्टी?

आयोजन सचिव प्रो. डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने जानकारी दी कि यह एक ऐसी सर्जरी है जिससे नाक के अंदर की टेढ़ी हड्डी (सेप्टम) को सीधा करने के साथ-साथ नाक की बाहरी बनावट को भी सुधारा जाता है। इससे न केवल मरीज की सांस लेने की समस्या खत्म होती है, बल्कि उसके चेहरे की बनावट में सुधार आने से आत्मविश्वास भी बढ़ता है।

​दिग्गज सर्जनों ने सिखाए गुर

इस कार्यक्रम में दिल्ली के डॉ. अर्पित अग्रवाल और देहरादून के डॉ. शरद हेरनॉट ने अतिथि सर्जन के तौर पर शिरकत की। सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस लाइव टेलीकास्ट में दो मरीजों की सर्जरी का सीधा प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही, एलर्जी और एंडोस्कोपिक साइनस सर्जरी पर अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों का व्याख्यान भी प्रसारित किया गया, जिससे स्थानीय डॉक्टरों को वैश्विक तकनीक सीखने का मौका मिला।

​प्राचार्य का विजन

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि हमारा लक्ष्य अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाना है। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए ईएनटी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. रितु गुप्ता और पूरी टीम को बधाई दी। सर्जरी के बाद दोनों मरीजों की स्थिति स्थिर है और वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं।