दुनिया की सबसे बड़ी शराब कंपनी डियाजियो (Diageo) के भारतीय मूल के सीईओ इवान मैनुअल मेनेजेस (Ivan Menezes) का बुधवार को लंदन में निधन हो गया। कंपनी ने यह जानकारी दी।
मेनेजेस इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती थे। मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने बताया कि 64 वर्षीय मेनेजेस इस माह के अंत में रिटायर होने वाले थे। पेट के अल्सर और अन्य दिक्कतों के इलाज के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लंदन में उनकी मौत के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। डियाजियो ने सोमवार को घोषणा की थी कि मेनेजेस का इलाज चल रहा है और मनोनीत सीईओ डेबरा क्रू अंतरिम आधार पर तत्काल शीर्ष पद संभालेंगे।
डियाजियो दुनिया की सबसे बड़ी शराब कंपनी है। भारत में यह कंपनी जॉनी वॉकर (Johnnie Walker) स्कॉच विस्की बेचती है। साथ ही यूनाइटेड स्पिरिट्स (United Spirits) में भी इसका मैज्योरिटी स्टेक है।
डियाजियो ने बयान में कहा, ‘वीकंड में हमें पता चला कि अल्सर की सर्जरी के बाद इवान की हालत कई अन्य दिक्कतों की वजह से खराब हुई है।’ पुणे में जन्मे मेनेजेस के पिता मैनुअल मेनेजेस भारतीय रेलवे बोर्ड के चेयरमैन थे। मेनेजेस ने दिल्ली के प्रतिष्ठित सेंट स्टीफंस कॉलेज और भारतीय प्रबंधन संस्थान-अहमदाबाद से पढ़ाई की थी।
मेनेजेस 1997 में गिनीज और ग्रैंड मेट्रोपॉलिटन के विलय के बाद अस्तित्व में आई डियोजियो में शामिल हो गए थे। वह जुलाई, 2012 में कंपनी के कार्यकारी निदेशक और जुलाई, 2013 में सीईओ बन गए। उन्हें 2023 में नाइट की उपाधि दी गई थी। उनके भाई विक्टर मेनेजेस सिटी बैंक के पूर्व चेयरमैन और सीईओ हैं। डियाजियो के प्रमुख ब्रांड में जॉनी वॉकर विस्की, Tanqueray जिन और डॉन जूलियो टकीला शामिल है। कंपनी ने गत 28 मार्च को मेनेजेस के स्थान पर क्रू की नियुक्ति की घोषणा की थी।
Compiled: up18 News