मुंबई। आम बजट 2026-27 पेश होने के साथ ही शेयर बाजार में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला। बजट भाषण से पहले निवेशकों की नजरें सेंसेक्स, निफ्टी, बैंकिंग, पीएसयू, डिफेंस, कैपेक्स और टैक्स से जुड़े ऐलानों पर टिकी थीं, लेकिन बजट के दौरान बाजार पर दबाव बढ़ गया।
दोपहर करीब 12:30 बजे बीएसई सेंसेक्स 2170.47 अंक यानी 2.64 फीसदी टूटकर 80,099.31 पर आ गया, जबकि निफ्टी 604.05 अंक यानी 2.39 फीसदी गिरकर 24,716.60 पर कारोबार करता दिखा। इससे पहले 12:21 बजे तक सेंसेक्स 854.29 अंक की गिरावट के साथ 81,415.49 और निफ्टी 278.30 अंक टूटकर 25,042.35 पर था। शुरुआती मजबूती के बाद बाजार में तेज बिकवाली हावी हो गई।
सरकार की ओर से नारियल और काजू जैसी नकदी फसलों को बढ़ावा देने के संकेत के बाद कृषिवल फूड्स के शेयरों में तेजी आई। कंपनी का शेयर 5.85 फीसदी उछलकर 334 रुपये के उच्च स्तर पर पहुंच गया।
टूरिज्म सेक्टर से जुड़े शेयरों में भी हलचल रही। एपीजे सुरेंद्र पार्क होटल्स, आईटीसी होटल्स, इंडिया टूरिज्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन, एडवेंट होटल्स इंटरनेशनल, ओरिएंटल होटल्स, लेमन ट्री होटल्स, ईआईएच एसोसिएटेड होटल्स और ईज़ी ट्रिप प्लानर्स जैसे स्टॉक्स में बढ़त दर्ज की गई। वित्त मंत्री ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 12 हफ्तों के कोर्स के जरिए 10 हजार गाइड्स को ट्रेन करने की पायलट योजना की घोषणा की है।
वहीं डिफेंस सेक्टर के शेयरों में गिरावट गहरी हो गई। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL), भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (BEL), भारत डायनेमिक्स और मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स जैसे शेयर दबाव में रहे। रेलवे सेक्टर भी बिकवाली से अछूता नहीं रहा। आईआरएफसी, आरवीएनएल, आईआरसीटीसी और जुपिटर वैगन्स जैसे शेयरों में कमजोरी बढ़ती गई।
कुल मिलाकर बजट के बाद बाजार का रुख नकारात्मक रहा। निवेशकों की बिकवाली बढ़ने से प्रमुख सूचकांक लाल निशान में फिसल गए और गिरावट का दायरा लगातार बढ़ता गया।

