गांधीनगर से PM मोदी ने देशवासियों से की विदेशी चीजों का इस्तेमाल नहीं करने की अपील, आजादी के समय हुई गल्तियों का भी किया जिक्र

Exclusive

गुजरात दौरे के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गांधीनगर पहुंचे। यहां उन्होंने ‘गुजरात शहरी विकास योजना’ के 20वीं वर्षगांठ समारोह में हिस्सा लिया। प्रदेश को करोड़ों की सौगात दी और एक बार फिर ऑपरेशन सिंदूर को सफल बनाने के लिए सेना के शौर्य की प्रशंसा की। उन्होंने आजादी के समय हुई गल्तियों का भी जिक्र किया।

हिंदुस्तान के कोने-कोने में देश भक्ति का ज्वार है

जनता को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, मैं 2 दिनों से गुजरात में हूं। कल मैं वडोदरा, दाहोद, भुज, अहमदाबाद गया और आज गांधीनगर। मैं जहां-जहां गया ऐसा लग रहा है देश भक्ति का ज्वार है। गर्जना करता सिंदुरिया सागर और लहराता तिरंगा जन मन के हृदय में मातृभूमि के प्रति अपार प्रेम ऐसा नजारा था ऐसा दृश्य था। ये सिर्फ गुजरात में ही नहीं हिंदुस्तान के कोने-कोने में है।

देश के 3 टुकड़े कर दिए गए

पीएम ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई का जिक्र किया। उन्होंने कहा 1947 में जब मां भारती के टुकड़े हुए, कटनी चाहिए थी जंजीरें लेकिन काट दी गई भुजाएं। देश के 3 टुकड़े कर दिए गए। उसी रात पहला आतंकवादी हमला कश्मीर की धरती पर हुआ। मां भारती का एक हिस्सा आतंकवादियों के बलबूते पर मुजाहिदीनों के नाम पर पाकिस्तान ने हड़प लिया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर 1947 में हमने कश्मीर में घुसने वाले मुजाहिदीनों को मार गिराया होता तो आज हमें ऐसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता। सरदार वल्लभभाई पटेल 1947 में चाहते थे कि सेना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को वापस ले ले। सिंधु जल संधि पर बहुत खराब तरीके से बातचीत की गई, इसमें कश्मीर में बांधों से गाद निकालने तक की अनुमति नहीं थी। हमने सिंधु जल संधि को स्थगित कर दिया है, अपनी तरफ बांधों की क्षमता बढ़ानी शुरू कर दी है। इससे पाकिस्तान परेशानी महसूस कर रहा है।

सिंधु जल संधि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मैं नई पीढ़ी को बताना चाहता हूं कि कैसे हमारे देश को बर्बाद कर दिया गया। अगर आप 1960 की सिंधु जल संधि का अध्ययन करेंगे तो आपको झटका लगेगा। यह तय हुआ था कि जम्मू-कश्मीर की नदियों पर बने बांधों की सफाई नहीं की जाएगी। गाद निकालने का काम नहीं किया जाएगा। तलछट साफ करने के लिए नीचे के गेट बंद रहेंगे। 60 साल तक ये गेट कभी नहीं खोले गए। जिन जलाशयों को 100% क्षमता तक भरना था, वे अब केवल 2% या 3% तक ही सीमित रह गए हैं।

सरदार साहब की बात मानी नहीं गई

पीएम ने कहा अगर उसी दिन इन मुजाहिदीनों को मौत के घाट उतार दिया गया होता, सरदार पटेल की इच्छा थी कि जब तक PoK वापस नहीं आता है सेना रुकनी नहीं चाहिए लेकिन सरदार साहब की बात मानी नहीं गई। ये मुजाहिदीन जो लहू चख गए थे वे सिलसिला 75 साल से चला आ रहा है।

पाकिस्तान भारत से नहीं जीत सकता

मोदी ने कहा, पहलगाम में भी उसी का विकृत रूप था। 75 साल तक हम झेलते रहे। पाकिस्तान के साथ जब युद्ध की नौबत आई तीनों बार भारत की सैन्य शक्ति ने पाकिस्तान को धूल चटाई। पाकिस्तान समझ गया है कि वे भारत से जीत नहीं सकता है।

ईंट का जवाब पत्थर से देना चाहिए

पीएम ने कहा, पाकिस्तान समझ गया कि लड़ाई में वो भारत से जीत नहीं सकता है इसलिए उसने प्रॉक्सी वॉर चालू किया। सैन्य प्रशिक्षण होता है, सैन्य प्रशिक्षित आतंकवादी भारत भेजे जाते हैं और लोगों को निशाना बनाते हैं। उन्हें जहां मौका मिला वो मारते रहे और हम सहते रहें… क्या हमें अब यह सहना चाहिए? क्या गोली का जवाब गोली से देना चाहिए? ईंट का जवाब पत्थर से देना चाहिए?

आतंकवादी गतिविधि प्रॉक्सी वॉर नहीं

पीएम ने आगे कहा कि 6 मई की रात जो लोग मारे गए, पाकिस्तान में उन जनाजों को स्टेट ऑनर दिया गया। उनके ताबूतों पर पाकिस्तान के झंडे लगाए गए, वहां की सेना ने उनको सैल्यूट किया। ये सिद्ध करता है कि आतंकवादी गतिविधि प्रॉक्सी वॉर नहीं है, ये आपकी (पाकिस्तान) सोची-समझी युद्ध की रणनीति है, आप वॉर ही कर रहे हैं तो उसका जवाब भी वैसे ही मिलेगा।

पाकिस्तानी लोग पसीना बहा रहे हैं

पीएम ने आगे कहा कि अभी मैंने कुछ नहीं किया है और लोग वहां (पाकिस्तान) पसीना बहा रहे हैं। हमने बांधों की सफाई के लिए छोटे-छोटे गेट खोले हैं, और वहां पहले से ही बाढ़ आ गई है।

कांटे को निकाल कर रहेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि शरीर कितना ही स्वस्थ क्यों ना हो लेकिन अगर एक कांटा चुभता है तो पूरा शरीर परेशान रहता है। हमने तय कर लिया है उस कांटे को निकाल कर रहेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से विदेशी चीजों का इस्तेमाल नहीं करने और देश में बने सामान को बढ़ावा देने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि हमें विदेशी सामान खरीदने और बेचने से परहेज करना चाहिए और मेड इन इंडिया पर गर्व करना चाहिए। प्रधानमंत्री ने गुजरात की राजधानी गांधीनगर में रोड शो के बाद जनसभा को आयोजित करते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर देश के सैन्य बलों ने शुरू किया था लेकिन इसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी देश के 140 करोड़ लोगों की है। देश को बनाने में सभी का सहयोग जरूरी है। उन्होंने दुकानदारों और बिजनेसमेन से भारत में बना सामान बेचने का आग्रह किया।

मोदी ने कहा कि ‘जब मैंने 2014 में कार्यभार संभाला था तब भारत 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, आज वह चौथे स्थान पर है। जब भारत ने ब्रिटेन को पीछे छोड़ा तो हम खुश हुए क्योंकि ब्रिटेन ने हम पर शासन किया था। अब दबाव है कि हम कब तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बनेंगे। भारत हाल में जापान को पीछे छोड़कर दुनिया की चौथी बड़ी इकॉनमी बन गया है। अब भारत से आगे अमेरिका, चीन और जर्मनी हैं।

-साभार सहित