आगरा नगर निगम चुनावों के लिए 66 हजार मतदाता बढ़े तो 51 हजार घटे भी

स्थानीय समाचार

आगरा। नगर निगम चुनाव के लिए महानगर में पांच साल के भीतर 66 हजार, 281 मतदाता बढ़ गए, वहीं कुल 51 हजार, 806 मतदाताओं के नाम सूची से कट गए। जिला निर्वाचन नगर निकाय कार्यालय ने 100 वार्डों की अन्तिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया है। नगर निगम चुनाव 2017 में कुल 12 लाख, 90 हजार, 561 मतदाता थे, जिनकी संख्या अब 13 लाख, 56 हजार, 932 हो गई है।

नगर निगम चुनाव 2022 के लिए घर-घर जाकर बीएलओ ने मतदाता सूचियों का सत्यापन किया था। 31 अक्तूबर को जारी मतदाता सूची के अनुसार वृहद पुर्नरीक्षण अभियान के दौरान 100 वार्डों में एक लाख, 18 हजार, 87 मतदाताओं ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए फार्म भरे थे।

2,294 मतदाताओं ने नाम, पता व अन्य प्रविष्टियों में संशोधन के लिए आवेदन किए, जबकि 51,806 मतदाताओं के नाम सूचियों से विलोपित हुए। इनमें अधिकांश मतदाता मृतक हैं। इस तरह पिछले चुनाव की तुलना में इस बार 66 हजार 281 मतदाता बढ़ गए हैं।

नगर निगम में 296 मतदान केंद्र हैं, जिनमें 41 मतदान केंद्र अति संवेदनशील और 23 केंद्र संवेदनशील हैं। इनके अलावा सात मतदान केंद्र ऐसे हैं जिन्हें अतिसंवेदनशील प्लस सूची में रखा गया है। यह सब ऐसे केंद्र हैं जहां पिछले चुनाव के दौरान हिंसा, मतदान से वंचित करने व अन्य शिकायतें प्राप्त हुई थीं। 296 केंद्रों में कुल 1110 मतदेय स्थल हैं। नगर निगम के 100 वार्डों को 51 सेक्टर और 17 जोन में बांटा गया है, जिनके लिए 43 सहायक निर्वाचन अधिकारी नामित हैं।

निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एडीएम वित्त यशवर्धन श्रीवास्तव ने बताया कि नगर निगम, सात नगर पंचायतों व पांच नगर पालिकाओं की अन्तिम मतदाता सूचियां सोमवार को प्रकाशित हो गईं, जिन्हें नगर निगम, नगर पंचायत एवं नगर पालिका कार्यालयों पर चस्पा किया गया है।

इनके अलावा कार्यालय आरओ, एआरओ एवं कलक्ट्रेट में मतदाता सूचियों को देखा जा सकता है। एक से सात नवंबर तक मतदाता सूचियों पर आपत्ति व दावा प्रस्तुत कर सकते हैं। इनके अलावा एक से चार नवंबर तक राज्य निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर भी मतदाता ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

-एजेंसी