वृंदावन बालिका संरक्षण गृह से पांच किशोरियां फरार, दो घर पहुंचीं, तीन की तलाश जारी

Regional

वृंदावन। चैतन्य विहार कॉलोनी स्थित राजकीय बालिका संरक्षण गृह से सोमवार देर रात पांच किशोरियां फरार हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही संरक्षण गृह में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर जांच शुरू कराई।

राजकीय बालिका संरक्षण गृह की अधीक्षिका गायत्री मिश्रा ने पुलिस को सूचना दी कि 14 से 17 वर्ष आयु की पांच लड़कियां देर रात संरक्षण गृह से बाहर निकल गई हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सीसीटीवी कैमरों में लड़कियां कंबल ओढ़कर निकलती हुई दिखाई दे रही हैं। सुरक्षा गार्ड और निगरानी व्यवस्था होने के बावजूद इस घटना ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

दो किशोरियां घर पहुंचीं, तीन की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार फरार हुई पांच में से दो किशोरियां अपने घर सुरक्षित पहुंच चुकी हैं। शेष तीन किशोरियों का अभी कोई सुराग नहीं लग पाया है। उनकी तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

एसएसपी ने किया मौके का निरीक्षण

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी श्लोक कुमार प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संरक्षण गृह पहुंचे और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि लापता किशोरियों की जल्द से जल्द बरामदगी सुनिश्चित की जाए और सुरक्षा में हुई चूक की भी जांच की जाए।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा गार्ड तैनात होने के बावजूद लड़कियों के फरार होने से पुलिस और प्रशासन में खलबली मची हुई है। मामले की जांच जारी है और संरक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि शेष किशोरियों को जल्द बरामद कर लिया जाएगा और पूरे मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।