मशहूर पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें कबूतरबाजी यानी मानव तस्करी के मामले में पटियाला जेल भेजा गया है। तस्करी का यह मामला 2003 का है और केस का फैसला 15 साल बाद हुआ।
दलेर मेहंदी और उनके भाई शमसेर सिंह को मानव तस्करी केस में 2 साल कैद की सजा सुनाई गई थी। दोनों पर जुर्माना भी लगाया गया था। मामले में दोनों के खिलाफ कुल 31 केस दर्ज किए गए थे। पहला केस 2003 में अमेरिका में दर्ज किया गया था क्योंकि ज्यादातर लोग अमेरिका ही भेजे गए थे।
ट्रायल कोर्ट ने सुनाई थी सजा
दलेर मेहंदी के खिलाफ 2003 में केस दर्ज हुआ था। करीब 15 साल की सुनवाई के बाद 2018 में पटियाला की ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट कोर्ट ने उन्हें 2 साल कैद और 2 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई थी। सजा 3 साल से कम होने की वजह से दिलेर मेहंदी को उसी वक्त जमानत मिल गई। इस केस में आरोपी बुलबुल मेहता को बरी कर दिया गया था। वहीं शमशेर सिंह और ध्यान सिंह की मौत हो चुकी है।
सेशन कोर्ट में खारिज हुई याचिका
दिलेर ने ट्रायल कोर्ट की सजा के फैसले को पटियाला सेशन कोर्ट में चुनौती दी थी। इसकी सुनवाई के दौरान गुरुवार को एडिशनल सेशन जज एचएस ग्रेवाल ने दिलेर की याचिका को खारिज कर दिया। इसके बाद वहीं से दिलेर को गिरफ्तार कर लिया गया।
दिलेर पर कबूतरबाजी के यह आरोप
पंजाबी सिंगर दिलेर मेहंदी विदेश में शो के लिए जाते रहते थे। उन पर आरोप है कि शो के लिए जाते वक्त वह 1998-99 में वह अवैध तरीके से 10 लोगों को अपने साथ अमेरिका ले गए। उन्होंने इन लोगों को अपनी टीम का हिस्सा बताया। उन्हें विदेश ले जाने के बदले पैसे लिए गए। इसके बाद पहले दिलेर के भाई शमशेर पर 19 सितंबर, 2003 को मानव तस्करी का केस दर्ज हुआ। पूछताछ के बाद पुलिस ने इसमें दिलेर को भी नामजद कर लिया।
-एजेंसी