OTT पर अश्लीलता का ‘एंड’: केंद्र सरकार ने बैन किए 5 विवादित प्लेटफॉर्म, चेतावनी के बाद भी नहीं सुधरे थे मेकर्स

National

नई दिल्ली: डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर ‘बोल्डनेस’ के नाम पर परोसी जा रही गंदगी के खिलाफ केंद्र सरकार ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय (I&B Ministry) ने कड़ा रुख अपनाते हुए देश के पांच लोकप्रिय ओटीटी (OTT) प्लेटफॉर्म्स को पूरी तरह ब्लॉक करने का आदेश दिया है। ये प्लेटफॉर्म्स वेब सीरीज और फिल्मों की आड़ में अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री दिखा रहे थे, जो भारतीय संस्कृति और कानूनी मापदंडों का खुला उल्लंघन था।

इन 5 प्लेटफॉर्म्स पर लगा ताला

सरकार ने जिन ऐप्स और वेबसाइट्स पर प्रतिबंध लगाया है, उनमें MoodXVIP, Koyal Playpro, Digi Movieplex, Feel और Jugnu शामिल हैं।

अधिकारियों की जांच में सामने आया कि इन प्लेटफॉर्म्स पर मौजूद वीडियो में न तो कोई कहानी थी और न ही कोई सामाजिक संदेश; बल्कि ये सिर्फ अश्लील दृश्यों के सहारे अपना बिजनेस चला रहे थे।

बार-बार दी गई थी चेतावनी

यह कार्रवाई अचानक नहीं हुई है। मंत्रालय ने सितंबर 2024 में ही इन कंपनियों को नोटिस जारी कर सुधार करने की हिदायत दी थी। कुछ प्लेटफॉर्म्स ने तो नोटिस का जवाब देना भी जरूरी नहीं समझा, वहीं कुछ चालाकी दिखाते हुए नए ‘डोमेन’ के जरिए वही पुराना अश्लील कंटेंट परोसते रहे।

फरवरी 2025 में ‘एथिक्स कोड’ (Ethics Code) की याद दिलाए जाने के बावजूद जब इन प्लेटफॉर्म्स के रवैये में कोई बदलाव नहीं आया, तो सरकार ने इन्हें देश में ब्लॉक करने का अंतिम फैसला लिया।

​मेकर्स में हड़कंप

सरकार के इस कड़े कदम से उन प्रोडक्शन हाउस और मेकर्स में खलबली मच गई है जो सिर्फ बोल्ड कंटेंट के दम पर ओटीटी की दुनिया में पैर जमाने की कोशिश कर रहे थे। मंत्रालय ने स्पष्ट कर दिया है कि अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर सार्वजनिक शालीनता और नैतिकता से समझौता नहीं किया जाएगा।