आगरा: शहर के पंपों पर सीएनजी की किल्लत, परेशान हो रहे वाहन चालक

स्थानीय समाचार

आगरा: ताज ट्रिपेजियम जोन में ग्रीन गैस लिमिटेड कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) की समुचित आपूर्ति नहीं कर पा रहा है। सीएनजी पंपों पर लंबी-लंबी लाइनों में लगकर शहरवासियों को इंतजार करना पड़ रहा है। रात होते ही अधिकांश सीएनजी पम्प बंद कर दिए जाते हैं। इससे वाहन स्वामियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इसकी वजह सहालग को बताते हुए 14 दिसंबर के बाद स्थिति सामान्य होने की बात कंपनी के अधिकारी कह रहे हैं।

पर्यावरण की दृष्टि से अतिसंवेदनशील क्षेत्र होने के कारण शहर में वायु प्रदूषण को कम करने के लिए सीएनजी के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके लिए सुप्रीम कोर्ट ने भी दिशा-निर्देश प्रदान कर रखे हैं। शहर में करीब 45 हजार सीएनजी वाहन और 47 पंप हैं। दो सप्ताह से सीएनजी की किल्लत शहर में बनी हुई है।

अधिकांश सीएनजी पंप रात होते ही बंद हो जाते हैं। सहालग के समय में इससे लोगों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसकी वजह ग्रीन गैस लिमिटेड द्वारा सीएनजी का कोटा नहीं बढ़ाया जाना है।

ग्रीन गैस लिमिटेड को प्रतिदिन 2.4 लाख स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर का कोटा प्राप्त है। प्रतिदिन 1.5 लाख स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर की खपत होती है। इन दिनों सहालग होने से खपत बढ़ गई है। कंपनी अधिक धनराशि देने से बचने को अधिक गैस खरीदने व कोटा बढ़वाने काे प्रयास नहीं कर रही है।