डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का राहुल पर तीखा हमला, मोहब्बत की दुकान नहीं, देश को नीचा दिखाने का एजेंडा चला रही कांग्रेस

Politics

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन पर बड़ा हमला बोला है। डिप्टी सीएम ने राहुल गांधी की ‘मोहब्बत की दुकान’ के नारे पर तंज कसते हुए आरोप लगाया कि असल में वे देश की छवि बिगाड़ने और अस्थिरता पैदा करने का एजेंडा चला रहे हैं। पाठक ने दो-टूक कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बनाना अब कांग्रेस के लिए एक ‘सियासी फैशन’ बन चुका है।

​एआई समिट में विरोध पर नाराजगी

ब्रजेश पाठक ने हाल ही में संपन्न हुई एआई समिट (AI Summit) का जिक्र करते हुए कहा कि जब पूरी दुनिया से दिग्गज भारत आए थे, तब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा, “यह कृत्य देश को वैश्विक स्तर पर शर्मसार करने वाला है। जहाँ प्रधानमंत्री एआई तकनीक को गांव-गांव तक पहुंचाना चाहते हैं, वहीं कांग्रेस केवल प्रोपोगैंडा फैलाने में जुटी है।”

​”विदेशी प्रोपोगैंडा के जरिए देश को नीचा दिखाने की कोशिश”

राहुल गांधी के विदेशी दौरों और बयानों पर निशाना साधते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि वे विदेशी मंचों का उपयोग भारत को अपमानित करने के लिए करते हैं। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “राहुल गांधी को समझना चाहिए कि सूरज पर थूकने से अपना ही चेहरा गंदा होता है। भारत आज आर्थिक जगत में सारे रिकॉर्ड तोड़ रहा है, लेकिन कांग्रेस और उनके साथी इसे पचा नहीं पा रहे हैं।”

​अखिलेश-राहुल पर तंज

सपा और कांग्रेस के गठबंधन पर प्रहार करते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव ‘एक ही थाली के चट्टे-बट्टे’ हैं। दोनों का एकमात्र उद्देश्य झूठ के सहारे जनता को गुमराह करना और देश की प्रगति में रोड़े अटकाना है।