नई दिल्ली। देश में महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है। इंडियन ऑयल (IOC) ने शनिवार, 7 मार्च से रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी का ऐलान किया है। घरेलू एलपीजी (14.2 किग्रा) सिलेंडर के दाम में ₹60 का इज़ाफ़ा हुआ है, वहीं कमर्शियल सिलेंडर (19 किग्रा) की कीमत में ₹115 की बड़ी वृद्धि की गई है। खास बात यह है कि अप्रैल 2025 के बाद पहली बार घरेलू सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं।
महानगरों में क्या हैं नई कीमतें?
इंडियन ऑयल की वेबसाइट पर अपडेट किए गए नए दामों के अनुसार, अब दिल्ली में घरेलू सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं को ₹913 चुकाने होंगे। अन्य महानगरों का हाल इस प्रकार है:
कोलकाता: ₹939
मुंबई: ₹912.50
चेन्नई: ₹928.50
वहीं, रेस्टोरेंट और ढाबा मालिकों पर भी बोझ बढ़ा है। दिल्ली में अब कमर्शियल सिलेंडर ₹1883, कोलकाता में ₹1990, मुंबई में ₹1835 और चेन्नई में ₹2043.50 का हो गया है।
जनता में आक्रोश: “आमदनी अठन्नी, खर्चा रुपैया”
कीमतों में हुई इस वृद्धि पर आम जनता की तीखी प्रतिक्रिया सामने आ रही है। दिल्ली की एक महिला ने चिंता जताते हुए कहा, “आज गैस महंगी हुई है, कल पेट्रोल-डीज़ल के दाम भी बढ़ जाएंगे। इसका सीधा असर हमारी जेब पर पड़ेगा।” वहीं यूपी के मुरादाबाद की एक महिला ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए कहा कि आमदनी कम है और खर्चे लगातार बढ़ रहे हैं, सरकार को कीमतें कम करनी चाहिए।
सियासी घमासान शुरू
सिलेंडर के दाम बढ़ते ही राजनीति भी गरमा गई है। कांग्रेस ने इस बढ़ोतरी को ‘जनता को ज़ोरदार झटका’ बताते हुए बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। दूसरी ओर, बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने सरकार का बचाव करते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण कीमतें बढ़ी हैं और विपक्ष बिना वजह शोर मचा रहा है।


