आगरा। दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में शीतलहर और कोहरे का कहर जारी है। हालांकि, लोगों को कड़ाके की ठंड का अभी भी इंतजार है। उत्तर भारत के कई राज्यों में आज कोहरे और ठंड का येलो और ऑरेंज अलर्ट है। आज सुबह उत्तर भारत के तमाम राज्यों में कोहरे का कहर देखने को मिल रहा है। आगरा के साथ ही टूंडला, फिरोजाबाद और आसपास के जिलों में रोज की ही तरह आज की शुरुआत घने कोहरे के साथ लोगों ने की। कोहरे के कारण विजिबिलिटी लगभग शून्य थी। इसका असर सड़कों पर साफ दिखाई दिया।
आगरा और टूंडला में सुबह नौ बजे तक लोग घरों में ही सिमटे दिखे। ठंड के कारण बहुत जरूरत पड़ने पर ही लोग अपने घरों से निकल रहे हैं। मौसम विभाग ने आरेंज अलर्ट जारी कर रखा है। कोहरे के कहर को देखते हुए स्कूलों को बंद कर दिया गया है ताकि नौनिहालों को ठंड की विभीषिका से बचाया जा सके। आज सुबह टूंडला में तापमान आठ डिग्री मापा गया, वहीं आगरा में तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रहा। ओस के कणों ने बौछार पड़ने का भ्रम पैदा कर दिया है। हवा की रफ्तार आज सुबह 10 किमी प्रति घंटे थी।
ठंड की वजह से उत्तर भारत के यूपी के अन्य हिस्सों के साथ ही हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार में कोहरे और शीतलहर का भीषण असर दिखाई पड़ा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का 24 घंटे का औसत एक्यूआई 371 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है. इस बीच मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के चलते अगले 6 जनवरी तक देश की राजधानी दिल्ली में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। बारिश की संभावना आगरा के साथ ही यूपी के अन्य हिस्सों के लिए भी जताई गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में 4 जनवरी को आसमान साफ रहने की उम्मीद है. हालांकि, देर रात और सुबह के समय मध्यम कोहरा छा सकता है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम थोड़ा अलग रहेगा। शीतलहर के साथ-साथ देर रात और सुबह घने कोहरे की संभावना जताई गई है।
जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और तापमान गिरने के साथ सर्दी बढ़ रही है। जम्मू-कश्मीर में आज और कल के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कुकरनाग, कुपवाड़ा और श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. उत्तराखंड में आज मौसम साफ रहेगा। कोहरा और शीतलहर का कोई अलर्ट नहीं है। यह स्थिति 9 जनवरी तक बनी रहने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में भी आज मौसम साफ रहने की उम्मीद है। हालांकि 5 और 6 जनवरी को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
उड़ानें प्रभावित
भारी ठंड और कोहरे की वजह से दिल्ली एयरपोर्ट पर डेन्स फ़ॉग कंडीशन और लो विजिबिलिटी के कारण सभी उड़ानें प्रभावित हुई हैं। सभी शेड्यूल्ड उड़ाने आधे घंटे से ढाई घंटे तक देरी से चल रही हैं। हालांकि कोहरे की वजह से अभी तक लैंडिंग में कोई डाइवर्जन नहीं है लेकिन सभी एयरलाइंस ने अपने यात्रियों को सलाह दी है कि घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का करंट स्टेटस चेक करके निकलें।
कोहरे का असर रेलवे पर भी
देश में जारी भारी ठंड का असर रेलवे पर भी देखने को साफ मिल रहा है। कोहरे की वजह से लगभग 49 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। ये ट्रेनें आधे घंटे से लेकर 5 घंटे तक देरी से चल रही हैं। इसमें से कुछ ट्रेनों के नाम इस प्रकार है- गया से दिल्ली जाने वाली 12397 महाबोधि एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 5 घंटे 10 मिनट की देरी से चल रही है। 12451 श्रम शक्ति एक्सप्रेस, जो कानपुर से दिल्ली जाती है, ये अपने निर्धारित समय से 3 घंटे 30 मिनट लेट चल रही है।
इसके अलावा कई सारी ऐसी भी ट्रेन है, जो कुछ घंटे और मिनट लेट चल रही है। इसमें 12263/पुणे-हज़रत निज़ामुद्दीन एसी दुरंतो एक्सप्रेस (29 मिनट), 12301/हावड़ा – नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (गया के रास्ते) 35 मिनट लेट चल रही। इसलिए सभी यात्रियों से कहा गया है कि वो किसी भी तरह से कोई भी असुविधा से बचने के लिए घर से स्टेशन निकलने से पहले ट्रेन के टाइम को जरूर चेक कर लें।