आगरा में हुए हादसे पर CM योगी ने व्यस्त किया दुख, मृत छह बेटियों के परिजनों को दी चार-चार लाख की मदद

Regional

आगरा में सिकंदरा थाना क्षेत्र के नगला नाथू (रामी नगला) गांव में आज सुबह एक ही परिवार की छह किशोरियों की यमुना में डूबने से हुई मौत के बाद गांव में मातमी सन्नाटा है। यह घटना न केवल पूरे आगरा बल्कि प्रदेश को झकझोर देने वाली है। प्रशासन की तत्परता और मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता ने संकट की इस घड़ी में परिजनों को कुछ राहत पहुंचाने का कार्य किया है।

थाना सिकंदरा क्षेत्र के नगला नाथू गांव में मंगलवार सुबह यमुना नदी में नहाने गई छह किशोरियों की डूबने से मौत हो गई। चार किशोरियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी, जबकि दो ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ा। इस दिल दहला देने वाली घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक जताया है और सभी मृतक किशोरियों के परिजनों को मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।

मंगलवार सुबह लगभग 10 बजे, नगला नाथू गांव की छह किशोरियां यमुना नदी में नहाने गई थीं। गर्मी के चलते पानी में उतरना उनके लिए आम दिन की तरह था, लेकिन कुछ ही मिनटों में यह दिन दुखद हादसे में तब्दील हो गया। अचानक गहरे पानी में जाने से सभी छह किशोरियां डूबने लगीं। वहां मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया, जिसके बाद गांव के कई लोगों ने यमुना में छलांग भी लगाई, लेकिन इन किशोरियों को बचाया नहीं जा सका। पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

रेस्क्यू टीम ने इनमें से दो बच्चियों को गंभीर हालत में यमुना से बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। लेकिन डॉक्टरों की कोशिश के बावजूद दोनों की अस्पताल में मौत हो गई। बाकी चार किशोरियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी।

मृतक किशोरियों की पहचान

-मुस्कान (उम्र 18 वर्ष), पुत्री सुरेश कुमार, निवासी नगला नाथू।

-संध्या (उम्र 12 वर्ष), पुत्री सुरेश कुमार, निवासी नगला नाथू।

-दिव्या (उम्र 13 वर्ष), पुत्री सुरेश कुमार, निवासी नगला नाथू।

-नैना (उम्र 14 वर्ष), पुत्री दिनेश, निवासी नगला नाथू।

-शिवानी (उम्र 17 वर्ष), पुत्री श्री सुंदरलाल, निवासी नगला रामबल, नारइच।

सोनम (उम्र 12 वर्ष), पुत्री श्री अशोक कुमार, निवासी नगला नेहरा, टेडी बगिया।

इनमें से शिवानी और सोनम को रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा गया था, लेकिन गंभीर हालत के चलते उन्हें बचाया नहीं जा सका। शिवानी और सोनम के बारे में बताया गया है कि वे रिश्तेदारी में नगला नाथू गई हुई थीं, जहां मौत ने उन्हें अपने आगोश में ले लिया। इस हादसे में नगला नाथू के सुरेश कुमार की तीन बेटियों की मौत हुई है।

जैसे ही घटना की सूचना मिली, जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी स्वयं पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन में गोताखोरों, पुलिस, ग्रामीणों और रेस्क्यू टीम की मदद से सभी बच्चियों को नदी से बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल बच्चियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उन्हें उच्च चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।

मुख्यमंत्री ने जताया गहरा दुख, की आर्थिक सहायता की घोषणा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और कहा कि यह बेहद पीड़ादायक दुर्घटना है। सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि मृतक किशोरियों के परिवारों को मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष से 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि अविलंब उपलब्ध कराई जाए।

जिलाधिकारी के अलावा अपर पुलिस आयुक्त रामबदन सिंह, नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल, और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी घटनास्थल व अस्पताल पहुंच गये थे।

उल्लेखनीय है कि प्रारंभिक खबरों में यह बताया गया था कि यमुना में डूबी सभी छह बच्चियों की मौत हो गई है, लेकिन बाद में स्पष्ट हुआ कि मौके पर चार किशोरियों की मौत हुई थी जबकि दो बच्चियां गंभीर हालत में निकाली गई थीं, लेकिन उन्हें भी बचाया नहीं जा सका।

यमुना में आज छह किशोरियों की डूब कर दुखद मृत्यु होने पर भाजपा नेता उपेंद्र सिंह ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर पीड़ित पारिवारीजनों को सांत्वना दी। उपेंद्र सिंह और उनके साथ मौजूद सांसद राज कुमार चाहर के पुत्र शूरवीर चाहर ने एसडीएम सदर और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से से वार्ता की और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।