तिरुवनंतपुरम। साल 2023 की चर्चित और विवादित फिल्म ‘द केरला स्टोरी’ एक बार फिर सुर्खियों में है। सुदीप्तो सेन निर्देशित इस फिल्म के सीक्वल (भाग-2) की खबरों ने केरल की सियासत में उबाल ला दिया है। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे राज्य की धर्मनिरपेक्ष छवि को धूमिल करने की एक और कोशिश करार दिया है।
“सांप्रदायिक एजेंडा और झूठ साफ है”
मुख्यमंत्री विजयन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी चिंता जाहिर करते हुए लिखा, “नफरत फैलाने वाली फिल्म ‘द केरला स्टोरी’ के सीक्वल की खबरों को बहुत गंभीरता से लिया जाना चाहिए। फिल्म के पहले हिस्से में ही इनका सांप्रदायिक एजेंडा और झूठ पूरी तरह बेनकाब हो चुका है।” उन्होंने कहा कि केरल एक बार फिर ऐसी कोशिशों को सिरे से खारिज कर देगा।
सच्ची कला को दबाने का लगाया आरोप
सीएम विजयन ने सेंसरशिप और वैचारिक मतभेदों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि समाज में फूट डालने वाली झूठी कहानियों को तो आसानी से मंजूरी मिल जाती है, लेकिन कला की सच्ची और आलोचनात्मक अभिव्यक्ति को दबा दिया जाता है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे उन ताकतों के खिलाफ एकजुट हों जो शांतिपूर्ण केरल को ‘आतंक की धरती’ के रूप में पेश करना चाहते हैं।

