नया साल आने में अब महज तीन दिन शेष हैं और इस दौरान लोग घूमने-फिरने की तैयारियों में जुटे हैं। लेकिन अगर आप भी वर्षांत यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो सतर्क हो जाना जरूरी है। मौसम का मिजाज तेजी से बिगड़ने वाला है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने राजधानी दिल्ली सहित उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पंजाब-हरियाणा में भीषण ठंड को लेकर चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में शीतलहर के साथ-साथ घने कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।
दिल्ली-एनसीआर में कोहरे की चादर
दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में 28 दिसंबर की सुबह मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम तापमान 5 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच और अधिकतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। कोहरे के कारण सुबह के समय दृश्यता प्रभावित होने की आशंका है।
उत्तर प्रदेश में कोल्ड डे का असर
उत्तर प्रदेश में धूप के अभाव के चलते ठंड लगातार बढ़ रही है। कई जिलों में कोल्ड डे और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार 30 दिसंबर के बाद कोहरे और कोल्ड डे की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है, हालांकि ठंड का सिलसिला बना रहेगा। 28 दिसंबर को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में मौसम सामान्यतः साफ रह सकता है, लेकिन पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर घना से अत्यंत घना कोहरा छाने की चेतावनी दी गई है।
राजस्थान में पारा और गिरेगा
राजस्थान के कई हिस्सों में कोहरे का असर बना हुआ है। न्यूनतम तापमान करौली में 3.1 डिग्री, पाली में 3.4 डिग्री, अंता में 4.5 डिग्री, दौसा में 4.7 डिग्री, अलवर में 5.2 डिग्री, नागौर में 5.3 डिग्री, लूणकरणसर में 5.8 डिग्री और सिरोही में 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने की संभावना है। राजधानी जयपुर में तापमान 9 डिग्री या उससे भी नीचे जा सकता है।
पंजाब-हरियाणा में कड़ाके की ठंड
पंजाब और हरियाणा के अधिकांश इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और कई स्थानों पर घना कोहरा देखने को मिल रहा है। पंजाब का शहीद भगत सिंह नगर जिला स्थित बल्लोवाल सौंखरी सबसे ठंडा स्थान रिकॉर्ड किया गया है, जहां न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रहा। अमृतसर में तापमान 5.1 डिग्री, लुधियाना में 4.6 डिग्री और पटियाला में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे के मद्देनजर सावधानी बरतने, अनावश्यक यात्रा से बचने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।

