मुंबई (अनिल बेदाग)। भारतीय सिनेमा के भव्य और दूरदर्शी फिल्मकारों में शुमार संजय लीला भंसाली अपनी मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘लव एंड वॉर’ के साथ साल 2026 में बड़े पर्दे पर वापसी के लिए पूरी तरह तैयार हैं। आलिया भट्ट, रणबीर कपूर और विक्की कौशल को पहली बार एक साथ लीड रोल में पेश करने वाली यह ग्रैंड हिस्टोरिकल ड्रामा पहले ही दर्शकों और इंडस्ट्री के बीच जबरदस्त चर्चा का विषय बनी हुई है।
हाल के दिनों में फिल्म की रिलीज़ को लेकर 2027 तक टलने की अटकलें तेज़ थीं, लेकिन अब फिल्म से जुड़े एक भरोसेमंद सूत्र ने इन अफवाहों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। सूत्र के मुताबिक, ‘लव एंड वॉर’ 2026 में ही रिलीज़ होगी और इसका प्रोडक्शन तय शेड्यूल के अनुसार तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सूत्रों के अनुसार, संजय लीला भंसाली हाल ही में फिल्म का एक अहम गाना शूट कर चुके हैं और फिल्म के ज़्यादातर महत्वपूर्ण दृश्य भी पूरे किए जा चुके हैं। भव्य सेट्स, पीरियड डिटेलिंग और इमोशनल इंटेंसिटी पर भंसाली का खास फोकस इस प्रोजेक्ट को उनके करियर की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में शामिल करता है।
20 जनवरी से शुरू होगा पहला हाई-एनर्जी सॉन्ग शूट
फिल्म के म्यूज़िक शेड्यूल को लेकर भी अहम जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, फिल्म का पहला बड़ा गाना 20 जनवरी से गोरेगांव फिल्म सिटी में शूट किया जाएगा। खास बात यह है कि इस गाने में आलिया भट्ट, रणबीर कपूर और विक्की कौशल पहली बार एक साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे।
इस हाई-एनर्जी ट्रैक की कोरियोग्राफी गणेश आचार्य करेंगे और यह गाना भंसाली के सिग्नेचर विज़ुअल्स, ग्रैंड स्केल और सिनेमाई भव्यता का शानदार उदाहरण बताया जा रहा है।
फरवरी में होगा दूसरा मेगा ट्रैक, श्यामक डावर करेंगे कोरियोग्राफी
इसके बाद फरवरी में फिल्म का दूसरा बड़ा गाना शूट किया जाएगा, जिसकी कोरियोग्राफी श्यामक डावर करेंगे। यह ट्रैक पहले गाने से भी ज्यादा बड़ा, एक्सपेरिमेंटल और इमोशनली चार्ज्ड बताया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, यह गाना वॉर पीरियड के बैकड्रॉप में चल रहे लव ट्रायंगल की गहराई और टकराव को और मजबूती देगा, जिससे फिल्म की कहानी में भावनात्मक तीव्रता और बढ़ेगी।
संगीत और भव्यता के साथ 2026 का बड़ा सिनेमाई इवेंट
भंसाली की फिल्मों में संगीत हमेशा से कहानी का एक अहम किरदार रहा है और ‘लव एंड वॉर’ भी इस परंपरा को नई ऊंचाई देने का वादा करती है। दमदार कोरियोग्राफी, इमोशनल म्यूज़िक और भव्य विज़ुअल्स के साथ यह फिल्म पहले से ही 2026 के सबसे बड़े सिनेमैटिक इवेंट्स में गिनी जा रही है।
जहां एक ओर रिलीज़ डेट को लेकर अफवाहों का दौर जारी था, वहीं अब यह स्पष्ट हो चुका है कि ‘लव एंड वॉर’ 2026 में ही दर्शकों के सामने होगी—और संजय लीला भंसाली एक बार फिर इतिहास, प्रेम और संघर्ष की कहानी को अपने अनोखे अंदाज़ में अमर बनाने की तैयारी में हैं।

