कानपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े के लखनऊ प्रवास के दौरान शुक्रवार को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र का एक लेटर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है। BJYM के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष और कानपुर के क्षेत्रीय मंत्री रहे अजीत गुप्ता ने भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल को लेटर लिख कर जिलाध्यक्ष की नियुक्ति में लाखों के लेन-देन का आरोप लगाया है।
अजीत गुप्ता ने लिखा है क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल के करीबी मुखलाल पाल ने जिलाध्यक्ष बनवाने के नाम पर पार्टी फंड में 50 लाख रुपए जमा कराने के लिए कहा। मैंने पार्टी के नाम पर उन्हें 50 लाख रुपए दे दिए, लेकिन उन्होंने पैसे पार्टी फंड में न जमा कराकर अपने पास रख लिए। इस संबंध में प्रकाश पाल का कहना है कि उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह से मामले की जांच कराने की मांग की है। जांच में जो भी दोषी हो उन पर सख्त कार्रवाई की भी मांग की है।
आरोप है कि पार्टी में बड़ा पद दिलाने के नाम पर 50 लाख रुपये जमा कराये गए,जिसे पार्टी फण्ड में न देकर स्वयं डकार गये। इस मामले की पंचायत लखनऊ तक हुई, लेकिन डकारने वालों के रसूख के चलते अजीत गुप्ता की सुनवाई नहीं हुई। अजीत गुप्ता का लेटर बम अब वायरल है।
नाराज है केंद्रीय नेतृत्व
भाजपा सूत्रों के मुताबिक, यूपी में जिलाध्यक्षों की नियुक्ति अब तक नहीं होने से केंद्रीय नेतृत्व नाराज है। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह दिल्ली में सूची पर चर्चा करके लौटे हैं, लेकिन करीब एक दर्जन से अधिक जिलों में चुनाव स्थगित होने से भी केंद्रीय नेतृत्व खुश नहीं है। इसलिए विनोद तावड़े को लखनऊ भेजा गया है। तावड़े ने सभी जिलों में जिलाध्यक्ष एक साथ नियुक्त करने पर चर्चा भी की है।
फतेहपुर के जिलाध्यक्ष मुखलाल पाल को कारण बताओ नोटिस जारी, तीन सदस्यीय जांच समिति का गठित
भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय प्रभारी व प्रदेश महामंत्री विधायक गोविन्द नारायण शुक्ल ने बताया कि BJYM के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष और कानपुर के क्षेत्रीय मंत्री रहे अजीत गुप्ता द्वारा लिखे गए पत्र को संज्ञान में लिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी के निर्देशानुसार तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। जिसमें प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता, प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान व प्रदेश मंत्री शंकर लाल लोधी नामित किया गया है। जो इन आरोपों की जांच करेगी।
गोविन्द नारायण शुक्ल ने बताया कि फतेहपुर के जिलाध्यक्ष, मुखलाल पाल के विरुद्ध पार्टी आचरण के विरुद्ध कार्य करने की शिकायत प्राप्त हुई है, जो कि पार्टी के विचारों के विपरीत है। आप द्वारा किया गया कृत्य अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। इस शिकायत का संज्ञान लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशानुसार आपको कारण बताओ नोटिस जारी किया जाता है। आप अपना स्पष्टीकरण 07 दिवस के अन्दर प्रदेश कार्यालय में उपलब्ध कराने का कष्ट करें, समय से स्पष्टीकरणोत्तर प्राप्त होने पर आप पर पार्टी द्वारा अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी।
-साभार सहित