दोस्ती के नाम पर दगा: आगरा में बारात ले जाने के बहाने दोस्त का कत्ल, 48 घंटे में मर्डर मिस्ट्री का पर्दाफाश

Crime

आगरा: दोस्ती के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाला एक मामला थाना इरादतनगर क्षेत्र में सामने आया है, जहाँ महज चंद रुपयों के विवाद में एक युवक ने अपने ही जिगरी दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी। इरादतनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के मात्र 48 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

​साजिश के तहत ‘डेथ राइड’ पर ले गया

पुलिस जांच के अनुसार, मृतक थाना एकता क्षेत्र के गंगरौआ गांव का रहने वाला था। आरोपी ने उसे बारात में साथ चलने का झांसा देकर अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाया। उसे यह आभास भी नहीं था कि जिसे वह अपना दोस्त समझ रहा है, उसने उसकी मौत की पटकथा पहले ही लिख ली है। रास्ते में एक सुनसान जगह पाकर आरोपी ने युवक का गला दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया।

​लेन-देन का खूनी अंजाम

पूछताछ में यह बात सामने आई कि मृतक और आरोपी के बीच काफी समय से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। बार-बार पैसे मांगने और विवाद बढ़ने पर आरोपी ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

तकनीकी साक्ष्यों से फँसा कातिल

एसएसपी आगरा के निर्देशन में इरादतनगर पुलिस ने इस केस को सुलझाने के लिए सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल्स और सर्विलांस का सहारा लिया। संदिग्ध गतिविधियों और अंतिम बार आरोपी के साथ देखे जाने के सुराग मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी की और आगरा-ग्वालियर हाईवे से मुख्य आरोपी को धर दबोचा।

मुख्य आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस वारदात में कोई और भी शामिल था।