महिला सशक्तिकरण के रंग में रंगेगा अहिल्याबाई जयंती समारोह, भाजपा चलाएगी विशेष अभियान

Politics

आगरा। महारानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर भाजपा प्रदेशभर में 21 से 31 मई तक कार्यक्रमों की श्रृंखला चलाएगी। पार्टी इसे महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जुड़ाव के नए अभियान के रूप में देख रही है। कॉलेजों में प्रतियोगिताओं से लेकर घाटों पर आरती और भव्य श्रद्धांजलि समारोह तक, भाजपा महिलाओं के नेतृत्व में समाज को जोड़ने की कोशिश करेगी।

महानगर प्रभारी एवं विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि महाविद्यालयों और इंटर कॉलेजों में छात्राओं के लिए महिला सशक्तिकरण दौड़, भाषण, निबंध, रंगोली, पेंटिंग और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 21 और 22 मई को जिला स्तरीय संगोष्ठियां होंगी, वहीं 23 और 24 को प्रमुख घाटों पर सजावट के साथ आरती का आयोजन होगा।

उन्होंने बताया कि 24 मई को सभी जिलों में महारानी अहिल्याबाई के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। खास बात यह होगी कि इन कार्यक्रमों का संयोजन भी अधिकतर महिलाओं के हाथों में होगा।

अंतिम चरण में 31 मई को विधानसभा क्षेत्रों और नगर निगमों में विभिन्न सम्मेलनों के बाद भव्य श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें महिला संगठन, शिक्षक, डॉक्टर, एनजीओ सहित शहर के प्रबुद्ध जनों की सहभागिता रहेगी।

इस अभियान की तैयारी को लेकर रविवार को ब्रज क्षेत्र कार्यालय पर कार्यशाला का आयोजन हुआ। इसमें कार्यकर्ताओं को अहिल्याबाई की वीरता, पराक्रम और मंदिरों के जीर्णोद्धार जैसे योगदानों की जानकारी दी गई।

कार्यशाला का शुभारंभ महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, विधायक पुरषोत्तम खंडेलवाल और मेयर हेमलता दिवाकर सहित कई नेताओं ने विचार रखे।

कार्यशाला में हेमंत भोजवानी, मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल, सुधीर राठौर, सुनील करमचंदानी, महेश शर्मा, राहुल सागर, नीरज गुप्ता, मुनेंद्र जादौन, नवीन गौतम, अभिषेक गुप्ता, विक्रांत तिवारी, बॉबी लाले, करुणा निधि गर्ग, आशा अग्रवाल, निधि शर्मा, प्रमोद वाल्मीकि आदि की सहभागिता रही।