आगरा: मंडलायुक्त अमित गुप्ता की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में जी- 20 प्रतिनिधिमंडल के दौरे की तैयारियों के मद्देनजर बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मंडलायुक्त ने फूल सैयद चौराहे पर जी-20 का लोगो लगाने के कार्य को शीघ्र पूर्ण करने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस चौराहे को जी- 20 चौराहे के रूप में विकसित किया जाएगा।
बैठक में मौजूद अधिकारियों ने बताया कि एयरपोर्ट से ईदगाह चौराहे तक कुल 283 दुकानों में से लगभग 100 दुकानों पर रंगाई-पुताई तथा 50 दुकानों पर बोर्ड लगाये जा चुके हैं। भ्रमण मार्ग पर आने वाले मकानों का भी सौन्दर्यीकरण कराया जा रहा है। शेष कार्य शीघ्र पूरे होंगे।
जी-20 प्रतिनिधि शिल्पग्राम की ओर ताज पूर्वी गेट के पास पड़ने वाले नाले के निकट से होकर गुजरेंगे। इस दौरान प्रतिनिधियों को नाले से उठने वाली दुर्गंध से कैसे बचाया जाए, यह सवाल प्रशासन के लिए चुनौती बना था। इसे दूर करने के लिए गुलाब, चंपा और चमेली के फूलों का सहारा लिया गया है। दुर्गंध दूर करने के लिए यहां गुलाब, चंपा, चमेली के फूलों की लड़ियां लगाई जाएंगी। यह लड़ियां 10 से 12 फरवरी तक लगेंगी। नाले में कैमिकल के तीन डिब्बे भी रखे जाएंगे, जो दुर्गंध रोकेंगे। नाले की पुलिया के पास आकर्षक रंगोली बनेगी। यह पहला मौका नहीं है जब फूलों को इस तरीके से सजाया जा रहा है। विगत 24 फरवरी, 2020 को तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आगमन के दौरान भी कुछ यही इंतजाम किए गए थे।
वहीं यमुना की हालत भी किसी से छिपी नहीं है। जलस्तर कम है और नदी किनारे फैली गंदगी ज्यादा जी-20 देशों के सदस्यों के सामने यमुना का आंचल मैला और पानी बदबूदार न रहे, इसके लिए भी कवायद चल रही है। नगर निगम की टीम लगातार सफाई कर रही है। प्रशासन ने यमुना नदी में अतिरिक्त गंगाजल छोड़े जाने की मांग की है। इससे यमुना का आंचल भर जाएगा और गंदगी उसमें छिप जाएगी। जी-20 देशों का प्रतिनिधिमंडल शहर में 11 और 12 फरवरी को आएगा। शिल्पग्राम रोड स्थित होटल ताज कन्वेंशन में महिला सशक्तीकरण की बैठक होगी।
बैठक में जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल, मुख्य विकास अधिकारी ए. मणिकन्डन, पुलिस आयुक्त डॉ. प्रीतिन्दर सिंह, नगर आयुक्त निखिल टीकाराम फुण्डे, एडीए उपाध्यक्ष चर्चित गौड़, एयरपोर्ट प्राधिकरण एए अंसारी, उप निदेशक, उद्यान कौशल किशोर सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।