आगरा: यदि आपके बच्चे भी मोबाइल फोन में ऑनलाइन गेम खेलते हैं तो सावधान हो जाइए। मोबाइल पर ऑनलाइन गेमिंग एप के लिंक पर क्लिक करने पर एक व्यक्ति के दो खातों से 26 लाख रुपये निकल गए। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। लेकिन, एक साल बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। अब पीड़ित ने रोते हुए डीसीपी सिटी विकास कुमार से शिकायत की। मामले में अपर पुलिस उपायुक्त अपराध को जांच दी गई है।
मथुरा के फरह स्थित गांव झंडीपुर निवासी भोजराज ने डीसीपी सिटी विकास कुमार से शिकायत की। उन्होंने बताया कि मार्च, 2022 में मोबाइल पर एक लिंक आया था। इस पर ऑनलाइन गेम महादेव बुक लिखा हुआ था। आठ वर्षीय बेटी परी ने लिंक पर क्लिक कर दिया। इसके बाद एक गेम आ गया। वह गेम खेलने लगी। गेम में अतिरिक्त सुविधा लेने के लिए ऑनलाइन रुपये मांगे गए थे। बेटी ने जानकारी नहीं होने की वजह से क्लिक कर दिया। इसके बाद खाते से रकम कटने लगी। उनके दो खाते से 26 लाख रुपये निकल गए।
उन्होंने साइबर सेल मथुरा में शिकायत की। जांच हुई। ढाई महीने बाद भी कोई नतीजा नहीं निकला। मामला रेंज साइबर थाना पर भेज दिया गया। डीसीपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित ने डीसीपी सिटी को बताया कि वह मथुरा साइबर सेल, रेंज साइबर थाना के 50 से अधिक चक्कर काट चुके हैं। जिन खातों में रकम गई थी, उनको सीज करा दिया। लेकिन आगे कार्रवाई कुछ नहीं की गई। रेंज साइबर थाना में मुकदमा तक दर्ज नहीं किया गया, जबकि पांच लाख रुपये से अधिक के मामले में मुकदमा दर्ज होना चाहिए। पुलिस उनसे ही रकम निकलने की बात कर रही है। वहीं आरोपी कंपनी के अधिकारी भी फोन करके शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहे हैं।
ऑनलाइन गेम और लोन दिलाने वाली कंपनी का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी लोगों के खातों से रकम निकल चुकी है। सिकंदरा में ही दानीदाता एप के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। इसमें पुलिस ने कार्रवाई की थी। वहीं जिस कंपनी के एप से 26 लाख रुपये निकले हैं, उनके खिलाफ भी छत्तीसगढ़ में मुकदमे दर्ज हैं। कई पीड़ित सामने आए हैं।