आगरा। ईदगाह रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित एस्सार (एसआरके) होटल में तड़के अचानक लगी आग से अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय होटल में ठहरे यात्री गहरी नींद में थे। किचन में लगी आग देखते ही देखते काउंटर तक फैल गई और कुछ ही मिनटों में भूतल से ऊपरी मंजिलों तक घना धुआं भर गया।
धुएं की तेज गंध और शोर-शराबे से लोगों की नींद खुली तो होटल में चीख-पुकार मच गई। धुएं से घिरे कमरों में फंसे दो लोगों ने जान बचाने के लिए होटल से छलांग लगा दी। नीचे गिरने से एक व्यक्ति की पैर की हड्डी टूट गई, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल में फंसे करीब 17 लोगों को छत के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाला। फायर ब्रिगेड की सतर्कता और सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
यह होटल रकाबगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह किचन से शुरू होना बताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस और अग्निशमन विभाग ने संयुक्त रूप से मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि होटल में अग्नि सुरक्षा मानकों की भी जांच की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

