आगरा। श्री अरविंद सोसायटी आगरा शाखा द्वारा शनिवार शाम अजीत नगर चौराहा के निकट खेरिया मोड़ स्थित ब्लिस इंस्टिट्यूट ऑफ़ योग सभागार में पांडिचेरी के श्री अरविंद आश्रम की आध्यात्मिक सह संस्थापक और मार्गदर्शक श्री माँ (मिरा अल्फासा) का जन्मदिवस समारोह मनाया गया। श्री माँ के जीवन पर आधारित डॉक्युमेंट्री दिखाई गई।
विशिष्ट अतिथि समाज सेवी श्रीमती कांता माहेश्वरी और विधायक-पत्नी श्रीमती अनीता कुशवाह ने दीप जलाकर समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि महर्षि अरविंदो के साथ श्री माँ ने जगत कल्याण के लिए शांति, आध्यात्मिकता और दिव्यता का अनुपम संदेश दिया।
विशिष्ट अतिथि समाजसेवी श्रीमती कांता माहेश्वरी ने श्री अरविंद सोसायटी आगरा शाखा के प्रकल्प गर्भाधान संस्कार पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मानसिक, शारीरिक व आध्यात्मिक रूप से पति-पत्नी की चेतना को ऊँचा करके बच्चे को गर्भ में धारण करवाने की प्रक्रिया ही गर्भाधान संस्कार है।
श्री अरविंद सोसायटी आगरा शाखा के अध्यक्ष आलोक कुलश्रेष्ठ ने संस्था की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। स्वागत भाषण के बाद डॉ. सुनीता गर्ग ने संस्था द्वारा नगला इमली में शुरू किए जाने वाले ग्राम विकास कार्यक्रम पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वहाँ ग्रामीण बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य और आध्यात्मिक जागरूकता के साथ खेती-बाड़ी की जानकारी दी जाएगी। साथ ही निशुल्क स्वास्थ्य जाँच व दवा वितरण शिविर भी लगाए जाएंगे।
बायोकेमेस्ट्री की प्रोफेसर डॉ. वीना गुप्ता ने संस्था के समग्र स्वास्थ्य प्रकल्प की जानकारी देते हुए बताया कि ईश्वर द्वारा हर शरीर को प्रदत्त हीलिंग की नैसर्गिक क्षमता का अगर उपयोग किया जाए तो समग्र स्वास्थ्य की प्राप्ति के साथ-साथ दवाओं के खर्च व साइड इफेक्ट से मानव प्रजाति को राहत मिलेगी।
डॉ. रेणुका मित्तल ने समझाया कि गर्भाशय के स्वास्थ्य को मजबूत किए बिना गर्भधारण नहीं करना चाहिए। उन्होंने बताया कि माता-पिता के संकल्प और घर में सामंजस्य के साथ-साथ बाहर का वातावरण भी बच्चों के विकास को प्रभावित करता है।
डॉ. अन्विता गर्ग ने कहा कि ध्यान, योग और सकारात्मक सोच से समाज की आधी बीमारियाँ अपने आप ठीक हो जाएंगी।
समारोह में ध्यान के आयोजन ने लोगों को मानसिक सुकून प्रदान किया, वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी को भाव विभोर कर दिया। कविता कुलश्रेष्ठ, पंडित मोहित सक्सेना, सुप्रसिद्ध संगीतज्ञ आंश्वना सक्सैना और पूजा तोमर के सुमधुर भजनों ने वातावरण में भक्ति रस घोल दिया। पावनी शर्मा ने नृत्य प्रस्तुति से चार चाँद लगा दिए।
डॉ. योगिता शर्मा ने आभार व्यक्त किया। साहित्यकार अशोक अश्रु ने कार्यक्रम का संचालन किया।
इस दौरान सुषमा अग्रवाल, डॉ. पार्थ गर्ग, मानसी, डॉ. रमेश आनंद, जाग्रति, बुशरा, सचिन गोयल और योगेश भी मौजूद रहे।

