Agra News: उप शिक्षा निदेशक को न शासनादेशों की परवाह न निदेशक के निर्देशों की- पेंशनर्स

स्थानीय समाचार

आक्रोशित पेंशनर्स कल आगरा के उप शिक्षा निदेशक का उन्हीं के कार्यालय में घेराव करेंगे, संघर्ष-समिति गठित

आगरा। शासनादेशों एवं माध्यमिक शिक्षा निदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश के बावजूद आगरा में उप शिक्षा निदेशक ने एक नोशनल वेतनवृद्धि जोड़कर पेंशन एवं ग्रेच्युटी की गणना का कार्य प्रारम्भ नहीं कराया है। जबकि प्रदेश के ही कई जिलो में यह काम पूरा हो चुका है। इससे खफा पेंशनर्स 22 मार्च को आगरा के उप शिक्षा निदेशक मनोज कुमार गिरि का उनके कार्यालय में घेराव करेंगे।

राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के बैनर तले नागरी प्रचारिणी सभा में हुई अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्यों एवं अध्यापकों की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता महेश चन्द्र शर्मा ने की।

बैठक में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की प्रदेश कार्यसमिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. देवी सिंह नरवार ने इस बारे में 12 जून 2024, 25 जून 2024 तथा 25 सितम्बर 2024 को जारी हुए शासनादेशों को पढ़कर सुनाया और इन शासनादेशों की प्रतियां दिखायीं। उन्हंने बताया कि इन शासनादेशों के अनुपालन के लिए माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने 12 दिसम्बर 2024, 13 फरवरी 2025 तथा 10 मार्च 2025 को पत्र भेजकर निर्देश दिए थे कि एक विशेष अभियान चला कर प्रकरणों का निस्तारण किया जाए।

डॊ. नरवार ने बताया कि बावजूद इसके इन आदेशों एवं निर्देशों की लगातार अनदेखी और अवहेलना आगरा के उप शिक्षा निदेशक मनोज कुमार गिरि द्वारा की जा रही है। इनके द्वारा अभी तक आगरा मण्डल के पात्र सेवानिवृत्त प्रधानाचार्यों एवं अध्यापकों को एक नोशनल वेतनवृद्धि का लाभ प्रदान कर पेंशन एवं ग्रेच्युटी की गणना का कार्य प्रारम्भ नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि उप निदेशक मनोज कुमार गिरि नियमित रूप से अपने कार्यालय में भी नहीं बैठते हैं।

डॊ. नरवार से ये सारी जानकारियां मिलने के बाद बैठक में मौजूद सभी पेंशनर्स आक्रोशित हो उठे। बैठक में इस बावत ठोस कार्य योजना बनाने पर गम्भीरता से विचार-विमर्श हुआ। इसके बाद तय किया गया कि 22 मार्च को अपराह्न तीन बजे डीडीआर गिरि के उन्हीं के कार्यालय पर घेराव किया जाए। एक संघर्ष समिति का भी गठन किया गया।

संघर्ष समिति में डॉ. देवी सिंह नरवार अध्यक्ष, डॉ. कुंजिल सिंह चाहर संयोजक, अर्जुन सिंह चाहर, डॉ. योगेन्द्र सिंह, ओम प्रकाश जैन, शीलेन्द्र कुमार शर्मा तथा महेश चन्द्र शर्मा को सदस्य बनाया गया है। संघर्ष समिति चरणबद्ध आन्दोलन चलाने की रणनीति व कार्य योजना तैयार करेगी।

बैठक में डॉ. योगेन्द्र सिंह, लोकेन्द्र सिंह सिकरवार, खेतपाल सिंह, रनवीर सिंह कसाना, अर्जुन सिंह चाहर, अशोक कुमार गुप्ता, एनपी शर्मा, काशीराम चाहर, जगदीश प्रसाद, जालिम सिंह, ओम प्रकाश जैन, शीलेन्द्र कुमार, डॉ. कुंजिल सिंह चाहर, फूल सिंह सिकरवार, रामेश्वर दयाल शर्मा, किशन लाल गुप्ता, बलवीर सिंह, गिरीश त्यागी, विजय पाल नरवार आदि ने विचार व्यक्त किये। बैठक की कार्यवाही का संचालन विजय पाल नरवार ने किया।