आगरा। मण्डल आयुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने सोमवार को आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) की विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य समयसीमा के भीतर, उच्च गुणवत्ता और पर्यावरण संरक्षण के मानकों के साथ पूरे किए जाएं।
अटलपुरम टाउनशिप में ले–आउट और संरचनाओं का निरीक्षण
निरीक्षण का पहला पड़ाव ककुआ–भांडई क्षेत्र में विकसित हो रही अटलपुरम टाउनशिप रहा। आयुक्त ने एडीए अधिकारियों और अनुबंधित संस्था के प्रतिनिधियों के साथ पूरे प्रोजेक्ट का अवलोकन किया।। उन्होंने मुख्य सड़कों, सेक्टरों और आवासीय ढांचे के विकास कार्यों की गुणवत्ता को परखा और निर्देश दिए कि निर्माण के दौरान किसी भी पेड़ को नुकसान न पहुंचे। साइट कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने दस्तावेज़ीय व्यवस्था और कार्य प्रगति रिपोर्ट की भी जांच की।
इनर रिंग रोड पर ट्रक ले–बाय निर्माण की समीक्षा
इसके बाद आयुक्त ने इनर रिंग रोड के द्वितीय चरण में गुतला मौजा पर बन रहे ट्रक ले–बाय का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अर्जित भूमि के बीच स्थित निजी भूमि को सर्विस रोड के अंत में समायोजित किया जाए ताकि निर्माण में बाधा न आए। अधिकारियों को आदेश दिया गया कि कार्य निर्धारित समय में ही पूरा कर लिया जाए और किसी तरह की देरी न होने पाए।
शमशाबाद फ्लाईओवर पर जल्द शुरू होगा ब्यूटीफिकेशन
आयुक्त ने शमशाबाद फ्लाईओवर का भी मुआयना किया। एडीए उपाध्यक्ष ने जानकारी दी कि रमाडा फ्लाईओवर की तर्ज पर यहां भी आकर्षक लाइटिंग, आर्टिफेक्ट्स और प्लांटेशन के माध्यम से ब्यूटीफिकेशन कार्य किया जाएगा।
आयुक्त ने फ्लाईओवर के आसपास सफाई, लैंडस्केपिंग और पौधारोपण कार्य भी शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।
टोल प्लाज़ा पर 10 लेन और आधुनिक सुविधाएं
निरीक्षण का अंतिम चरण इनर रिंग रोड पर निर्माणाधीन टोल प्लाज़ा रहा। यहां परियोजना की समयसीमा और तकनीकी कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि दोनों दिशाओं में कुल 10 लेन विकसित की जा रही हैं, जिनका निर्माण अगले दो माह में पूरा हो जाएगा। चूंकि परियोजना की समय सीमा दिसंबर अंत तक है, आयुक्त ने निर्माण कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही टोल प्लाजा के दोनों ओर टॉयलेट ब्लॉक और फूड कोर्ट निर्माण भी कराने के निर्देश जारी किए गए।
सीनियर अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान एडीए उपाध्यक्ष एम. अरुणमौली, सचिव श्रद्धा शांडिल्ययान, मुख्य अभियंता संजीव कुमार, सहायक अभियंता सोमनाथ पालीवाल और सतीश कुमार, अवर अभियंता राज कपूर समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
यह मैदानी निरीक्षण एडीए की विभिन्न परियोजनाओं को समय पर पूरा कराने और शहर के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

