श्री महाकाल सेवा समिति के चार दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव में निकाली गई शिव बरात, जगह-जगह स्वागत
आगरा। शिव बरात कुछ यूं बन पड़ी है कि उसका वर्णन करते नहीं बन रहा। चहुं दिशाओं में सुंदर और शुभदायक शगुन हो रहे हैं। देवों के देव महादेव को दूल्हे के रूप में देख देव सुंदरियां भी फूल बरसाकर गीत गा रही हैं। देवता नगाड़े बजा रहे हैं। राजा हिमावन भगवान आशुतोष की बरात के स्वागत सत्कार को आतुर हैं किंतु भूत, प्रेतगणों को देख हिमालय की नारियां डर रही हैं। अपलक निहारने वाला ये दृश्य बन रहा था भावना एस्टेट से केके नगर, अमर विहार तक निकाली गई शिव बरात में।
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री महाकाल सेवा समिति द्वारा चार दिवसीय शिवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत शिव बरात निकाली गयी। नील फ्लोरेंस, भावना एस्टेट से शिव बरात की निकासी हुयी। गणपति की सवारी के साथ बरात में राम मंदिर, अयोध्या, लक्ष्मी नारायण आदि की सवारियां और भोलेनाथ के गण विविध वेश में साथ-साथ चल रहे थे। भस्म रमाते भूत, प्रेत और पिशाचों की टोलियां हर किसी का ध्यान आकर्षित कर रही थीं।
जटाधारी महादेव के डोले पर बैठे ध्यानमय स्वरूप को देख लोग श्रद्धा से नतमस्तक हो रहे थे। बैंड बाजे के साथ निकली शिव बरात का पूरे मार्ग में दर्जनों स्थानों पर स्वागत और प्रसादी वितरित की गयी। महादेव की बरात के साथ-साथ मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और नितिन कोहली भी चले।
अध्यक्ष अविनाश राणा ने बताया कि पीत वस्त्रों में भक्तों ने महादेव की बरात में सहभागिता की। आस्था का ज्वार सुबह से सायंकाल तक उमड़ता रहा। बम भोले की गूंज से बरात यात्रा मार्ग गुंजायमान होता रहा।
समिति के संस्थापक आशीष सक्सेना ने बताया कि 27 फरवरी को आस्था पैलेस पर पांच कन्याओं का विवाह धूमधाम के साथ संपन्न होगा। पांच दूल्हे एक साथ बरात लेकर विवाह स्थल पहुंचेंगे। गृहस्थी के सामान सहित शुभ आशीष देकर बेटियों को विदा किया जाएगा। इसके बाद अगले दिन शुक्रवार को अमर विहार, केके नगर पर भोलेनाथ की खप्पर प्रसादी के साथ महोत्सव का समापन होगा।
शिव बारात की व्यवस्थाएं संरक्षक राजेश खुराना, संजय मिश्रा, महामंत्री संदीप पांडेय, कोषाध्यक्ष अमित गुप्ता, आशीष सिंह, उपाध्यक्ष उमेश यादव, डिम्पू भाई, संजीव सक्सेना, रामकुमार गौतम, नीरज वर्मा, ब्रह्म प्रकाश, दिनेश अग्रवाल, मंत्री दीपक सविता, संतोष धाकरे, अमित अग्रवाल, विशाल बिंदल, प्रवीण अग्रवाल, दुष्यंत शर्मा,अमन सिंह, रवि शर्मा, सुमेश यादव, अमित शर्मा आदि ने वव्यवस्थाएं संभालीं।