हल्द्वानी/आगरा: उत्तराखंड की आम्रपाली यूनिवर्सिटी (Amrapali University) में आयोजित प्रतिष्ठित 20वें नेशनल हॉस्पिटैलिटी टैलेंट हंट ‘ABHYUDAYA 2026’ में उत्तर प्रदेश के गवर्नमेंट फूड साइंस ट्रेनिंग सेंटर (खाद्य प्रसंस्करण विभाग) ने इतिहास रच दिया है। 20 और 22 फरवरी तक चली इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में संस्थान ने प्रथम उपविजेता (1st Runner Up) का खिताब जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया है।
पहली बार में ही नेशनल मंच पर गाड़े झंडे
यह सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि पहली बार खाद्य प्रसंस्करण के विद्यार्थियों ने इस उच्च स्तरीय शेफ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। देशभर के दिग्गज होटल मैनेजमेंट संस्थानों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा में संस्थान के छात्र-छात्राओं ने अपनी पाक-कला (Culinary Arts), नवाचार और बेहतरीन समय प्रबंधन से जजों का दिल जीत लिया।
जीत के नायक:
संस्थान की इस गौरवशाली उपलब्धि में निशा, मनीष, शिवम, कोमल, अभिनव, पीटर और अरकम खान ने अपने शानदार प्रदर्शन से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया।
कठिन प्रशिक्षण और कुशल मार्गदर्शन का परिणाम
विद्यार्थियों की इस सफलता के पीछे उनके प्रशिक्षक (Instructor) लोकेश सेंगर का कड़ा मार्गदर्शन और सघन प्रशिक्षण रहा। उनकी तकनीकी बारीकियों और अनुशासन ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय मंच की चुनौतियों के लिए तैयार किया।
संस्थान के प्रधानाचार्य बलवीर सिंह ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा, “यह सफलता खाद्य प्रसंस्करण विभाग के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है। हमारे विद्यार्थियों ने साबित कर दिया कि सही मार्गदर्शन और समर्पण से किसी भी राष्ट्रीय शिखर को छुआ जा सकता है।
भविष्य के लिए नई प्रेरणा
इस जीत से न केवल संस्थान की प्रतिष्ठा वैश्विक स्तर पर बढ़ी है, बल्कि अब अन्य विद्यार्थियों के लिए भी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के द्वार खुल गए हैं। यह उपलब्धि यूपी के खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में कौशल विकास की नई इबारत लिख रही है।

