हाथरस: खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों को वित्तीय विस्तार, बाजार में सूचीबद्धता (Listing) और खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हाथरस में एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। अलीगढ़ रोड स्थित रामोजी रिजॉर्ट में आयोजित “IPO Readiness Session – From Growth to Listing” शीर्षक वाली यह कार्यशाला चैम्बर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (CFPIA) के हाथरस चैप्टर और नेशनल एंटरप्रेन्योरशिप नेटवर्क (NEN) के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुई, जिसे वाधवानी फाउंडेशन का सहयोग प्राप्त था।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अलीगढ़ मंडल के सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) अजय जायसवाल मौजूद रहे। इनके अतिरिक्त CFPIA अध्यक्ष राजकुमार भगत, हाथरस चैप्टर चेयरमैन रतन बिहारी अग्रवाल, को-चेयरमैन नितिन अग्रवाल, विशाल अग्रवाल, विशाल चाहर और रॉबिन वार्ष्णेय सहित बड़ी संख्या में फूड प्रोसेसिंग उद्यमियों ने सहभागिता की।
“छोटी इकाइयां भी बड़े विचारों के साथ निकाल सकती हैं आईपीओ”
कार्यशाला में एसएमई आईपीओ (SME IPO) विशेषज्ञ एवं कंपनी सेक्रेटरी अनुज अशोक अग्रवाल ने उद्यमियों को पूंजी जुटाने और व्यावसायिक विस्तार के आधुनिक तरीकों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि किसी भी उद्योग को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए सुदृढ़ वित्तीय प्रबंधन बेहद आवश्यक है। एसएमई आईपीओ के माध्यम से उद्यमों को निजी क्षेत्र व निवेशकों से पूंजीगत सहयोग मिल सकता है, जिससे बड़ी वित्तीय जरूरतों को पूरा किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि आज छोटी और मध्यम इकाइयां भी समुचित तैयारी व बड़े विजन के साथ अपना आईपीओ लाकर व्यापार को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकती हैं।
”कंप्लायंस और नवाचार के साथ आगे बढ़ें उद्यमी”
वाधवानी फाउंडेशन की नीता प्रसाद ने हाथरस के खाद्य उद्योग से जुड़े उद्यमियों को संबोधित करते हुए कहा कि दीर्घकालिक विकास के लिए नियमों और अनुपालन (Compliance) का पालन अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन विभिन्न पहलों के जरिए उद्योगों को तकनीक, वित्त, सप्लाई चेन, ब्रांडिंग, मार्केटिंग और संरक्षा से जुड़ा सहयोग प्रदान करता है। नेशनल एंटरप्रेन्योरशिप नेटवर्क कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्रीय औद्योगिक विकास को निरंतर गति दी जा रही है।
”खाद्य सुरक्षा से समझौता नहीं, विभाग उद्यमियों के साथ”
मुख्य अतिथि एवं सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) अजय जायसवाल ने उद्यमियों से सीधा संवाद करते हुए केंद्र व राज्य सरकार के खाद्य सुरक्षा नियमों की व्यावहारिक जानकारी दी। उन्होंने खाद्य पदार्थों में रंगों (Food Color) के प्रयोग, उनकी गुणवत्ता और निर्धारित मात्रा पर विशेष प्रकाश डाला।
अजय जायसवाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा ”खाद्य सुरक्षा विभाग उद्यमियों के सहयोग के लिए सदैव तत्पर है, लेकिन जनस्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा के मानकों पर किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। दूध, फल, सब्जियों और सूखे मेवों जैसे उत्पादों—जिनमें प्राकृतिक रंग पहले से मौजूद होता है—उनमें किसी भी तरह के बाहरी रंग का इस्तेमाल पूर्णतः वर्जित है।”
उन्होंने तकनीकी मानक स्पष्ट करते हुए बताया कि 100 PPM का आशय यह है कि प्रमाणित एवं उच्च गुणवत्ता वाले BIS मार्का खाद्य रंग का उपयोग केवल 10 किलोग्राम सामग्री में अधिकतम 1 ग्राम के अनुपात में ही किया जा सकता है। इससे अधिक मात्रा में रंग मिलाना सेहत के लिए हानिकारक है। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव में कई बार उद्यमियों को अनावश्यक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, इसलिए विभागीय दिशा-निर्देशों से नियमित रूप से अपडेट रहना जरूरी है।
“हींग के आगे बढ़कर विविध फूड सेक्टर में चमका हाथरस”
हाथरस चैप्टर के चेयरमैन रतन बिहारी अग्रवाल ने कहा कि हाथरस का खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र निरंतर प्रगति कर रहा है और देश की अर्थव्यवस्था में अपनी सशक्त भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि परंपरागत रूप से हींग के लिए पहचाना जाने वाला हाथरस अब फूड कलर, कन्फेक्शनरी, मसाले, घी-तेल, मिठाई और नमकीन जैसे क्षेत्रों में भी तेजी से आगे बढ़ा है। संगठित होकर और नियमों का पालन करते हुए हमें इस विकास को और आगे बढ़ाना होगा।
कार्यक्रम का संचालन चैप्टर के मुख्य सलाहकार मनीष अग्रवाल रावी ने किया, जबकि सभी अतिथियों व प्रतिभागियों के प्रति आभार नितिन वार्ष्णेय ने व्यक्त किया। कार्यशाला का समापन सामूहिक भोजन (लंच) के साथ हुआ।


