बल्केश्वर महादेव मंदिर में गूंजे पारंपरिक मंगलगीत: देवउठनी एकादशी की पूर्व संध्या पर धूमधाम से मनाया गया लग्न उत्सव

विविध

आगरा। कार्तिक मास की देवउठनी एकादशी की पूर्व बेला में बल्केश्वर महादेव मंदिर में आयोजित लग्न उत्सव श्रद्धा, उल्लास और लोक संस्कृति की अनुपम छटा के बीच संपन्न हुआ। मंदिर परिसर में गूंजते पारंपरिक मंगलगीतों, लोकगीतों और भक्ति संगीत ने वातावरण को मांगलिक एवं आध्यात्मिक रंगों से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम में भारतीय विवाह परंपराओं से जुड़े लोकगीतों की विशेष छटा देखने को मिली। महिलाओं ने ढोलक की थाप पर पारंपरिक मंगलगीत प्रस्तुत कर सदियों पुरानी लोक विरासत को जीवंत कर दिया। गीतों में विवाह संस्कारों की मिठास, पारिवारिक रिश्तों की आत्मीयता और देवी-देवताओं के प्रति अटूट श्रद्धा का भाव मुखर हुआ। लोकगीतों की मधुर स्वर लहरियों के बीच उपस्थित श्रद्धालु भी उत्सव के उल्लास में सहभागी बने।

धार्मिक मान्यता के अनुसार देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागृत होते हैं। इसके साथ ही हिंदू समाज में विवाह सहित मांगलिक आयोजनों का शुभारंभ होता है। इसी धार्मिक परंपरा को लोकाचार और सांस्कृतिक उल्लास के साथ प्रस्तुत करता यह आयोजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

बल्केश्वर महादेव मंदिर के महंत कपिल नागर ने बताया कि यह लग्न उत्सव इस बात का भी परिचायक है कि भारतीय संस्कृति में धर्म, संगीत और लोक परंपराएं एक-दूसरे के पूरक हैं। परंपराओं और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का सुंदर संदेश भी इस आयोजन में परिलक्षित हुआ।

कार्यक्रम में वैभवी, श्रुति, कुसुम अग्रवाल, नीता अग्रवाल, सुनीता, लक्ष्मी आदि मौजूद रहीं। व्यवस्था भोलानाथ अग्रवाल ने संभाली।

मंदिर के सेवक और अर्चित पांड्या के अनुसार शुक्रवार को मंदिर में तुलसी -शालिग्राम का विवाह प्रातः 8:00 बजे से होगा। 23 नवंबर को बैकुंठ चौदस पर दीपदान, देव दीपावली होगी। इसके साथ ही भक्तों की ओर से, भक्तों के लिए भंडारे का भी आयोजन किया गया है। इसमें सभी लोग सहयोग कर सकते हैं।