गोरखपुर/लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 से पहले राजनीतिक सरगर्मियां अपने चरम पर पहुंच गई हैं। बुधवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह क्षेत्र और राजनीतिक गढ़ माने जाने वाले गोरखपुर में 20 किलोमीटर लंबा विशाल रोड शो निकालकर अपनी ताकत का अहसास कराया। गोरखपुर एयरपोर्ट पर उतरने के बाद अखिलेश यादव पार्टी के विशेष ‘पीडीए’ (PDA) रथ पर सवार हुए और चौरी चौरा के देवकाही गांव तक गए। इस दौरान पूरे रास्ते में सपा कार्यकर्ताओं और आम समर्थकों का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा।
”गोरखपुर में जनता बीजेपी को 9/0 कर देगी”: अखिलेश यादव
रोड शो के दौरान मिले भारी जनसमर्थन से गद्गद अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर गोरखपुर रोड शो का वीडियो और तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि गोरखपुर में उमड़ा यह अपार जनसैलाब संकेत दे रहा है कि किसी का स्थापित किला अब हिल चुका है।
सपा प्रमुख ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए लिखा”गोरखपुर में हमारे रोड शो में उमड़े जनसैलाब को देखकर जनता कह रही है कि ‘किसी का गढ़ गड़बड़ा गया है!’ इस बार गोरखपुर में जनता भाजपा को ‘नौ बटे निल’ (9/0) कर देगी। पूरे गोरखपुर मंडल में एकजुट ‘पीडीए’ समाज प्रभुत्ववादियों को धूल चटा देगा। गोरखपुर की ये पुकार, अहंकार की होगी हार…”
सूत्रों के मुताबिक, सपा नेतृत्व ने इस रोड शो को ऐतिहासिक बनाने के लिए गोरखपुर जिले की सभी 9 विधानसभा सीटों के अलावा आसपास के पूर्वी यूपी के अन्य जिलों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जुटने का आह्वान किया था। चुनाव से ठीक पहले गोरखपुर की सड़कों पर दिखी यह भीड़ समाजवादी पार्टी के बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखी जा रही है।
“2047 तक सत्ता के लिए मुंगेरी लाल के सपने देखें अखिलेश”: डिप्टी सीएम केशव मौर्य
सपा प्रमुख के इस शक्ति प्रदर्शन और बयानों पर भारतीय जनता पार्टी ने भी तुरंत पलटवार किया। लखनऊ में मीडिया से बात करते हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव की यात्रा पर करारा तंज कसा।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा ”अखिलेश यादव चाहें गोरखपुर में यात्रा निकालें, सैफई में निकालें या फिर लखनऊ में। समाजवादी पार्टी का राजनीतिक भविष्य अंधकार में था, है और आगे भी रहेगा। समाजवादी पार्टी वर्ष 2047 तक उत्तर प्रदेश की सत्ता में वापसी के लिए ‘मुंगेरी लाल के हसीन सपने’ जरूर देख सकती है, लेकिन धरातल की सच्चाई यह है कि वे कभी सत्ता में नहीं आ सकते। यह बात अखिलेश यादव भी अंदर से अच्छी तरह जानते हैं।”
गोरखपुर में अखिलेश यादव के इस आक्रामक चुनाव प्रचार और उसके जवाब में बीजेपी के पलटवार के बाद अब पूरे पूर्वी उत्तर प्रदेश में राजनीतिक तापमान काफी बढ़ गया है।


