आगरा। कहीं हाथों में उठी श्याम नाम की पताका तो कहीं भजनों पर झूमते श्रद्धालु… हर ओर गूंजता जय श्री श्याम का जयघोष और इत्र की खुशबू से महकता भक्तिमय वातावरण। ‘हारे के सहारे आजा, तेरा दास पुकारे आजा…’ की पुकार पर श्याम प्रेमी भावविभोर हो उठे तो ‘मत होना मन सांवरे उदास, सांवरा जरूर आएगा…’ के स्वरों ने बाबा के प्रति अटूट विश्वास जगा दिया। मौका था श्री श्याम प्रभु मित्र मंडल के 16वें वार्षिक श्याम संकीर्तन महोत्सव का, जहां अखंड ज्योति, अलौकिक श्रृंगार और 56 भोग के बीच रजनी राजस्थानी और आयुष सोमानी के भजनों ने ऐसी भक्ति रसधार बहाई कि पूरा जनक पार्क, कमला नगर श्याममय हो उठा।
अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित कर संकीर्तन का शुभारंभ किया गया। दीप दीक्षित ने ‘गजानन सरकार’ गणेश वंदना से भजन संध्या का श्रीगणेश किया, वहीं अनुराग वर्मा ने हनुमान वंदना प्रस्तुत कर बाबा श्याम का आह्वान किया। इसके बाद भजनों की ऐसी रसधार बही कि श्रद्धालु हाथ उठाकर बाबा के जयकारे लगाते हुए भक्ति में झूम उठे।
भजन संध्या में जयपुर की सुप्रसिद्ध भजन गायिका रजनी राजस्थानी और भजन गायक आयुष सोमानी ने अपनी मधुर आवाज से श्याम प्रेमियों को भावविभोर कर दिया। आयुष सोमानी ने ‘हारे के सहारे आजा तेरा दास पुकारे आजा’, ‘किस्मत बदल गई है तेरी चौखट पर आकर’, ‘किस्मत वालों को मिलता है श्याम तेरा दरबार’ और ‘जिसकी नैया श्याम भरोसे डोल भले सकती है, डूब नहीं सकती है’ जैसे भजनों से बाबा की महिमा का गुणगान किया।
वहीं रजनी राजस्थानी ने ‘मत होना मन सांवरे उदास, सांवरा जरूर आएगा’, ‘अगर तू ना देता सहारा, ना जाने क्या होता हमारा’, ‘परिवार मेरा तेरे हवाले खाटू वाले ओ खाटू वाले’ और ‘मिले हो जबसे मुझको सांवरिया, मेरी दुनिया बदल गई’ जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। हर भजन के साथ भव्य पंडाल में श्याम नाम के जयकारे गूंजते रहे।
महोत्सव में बाबा का अलौकिक श्रृंगार, भव्य दिव्य दरबार, 56 भोग, अखंड ज्योति, श्याम रसोई और बाबा का खजाना विशेष आकर्षण रहे। खाटू श्याम मंदिर, जीवनी मंडी में बाबा की पोशाक सेवा भी की गई। संगीत के साथ मंच संचालन लोकेश मित्तल ने किया। इस दौरान जीतू, दिनेश शर्मा, देवेंद्र कुमार गोयल अन्य सेवा और कन्हैया तोमर द्वारा इत्र वर्षा की गई। इत्र की सुगंध और भजनों की मधुर स्वर लहरियों ने पूरे वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। संकीर्तन का समापन मंगला आरती के साथ हुआ।
मंडल अध्यक्ष बंशी वर्मा ने कहा कि बाबा श्याम की भक्ति ही मंडल की सबसे बड़ी शक्ति और प्रेरणा है। पिछले 16 वर्षों से मंडल निरंतर श्याम संकीर्तन के माध्यम से बाबा का संदेश घर-घर तक पहुंचाने में जुटा है। प्रत्येक रविवार को निःशुल्क साप्ताहिक संकीर्तन आयोजित किया जाता है, जिसमें श्रद्धालु एक साथ बैठकर बाबा का गुणगान करते हैं। बाबा श्याम पर विश्वास रखने वाले भक्त कभी अकेले नहीं होते। उन्होंने सभी श्याम प्रेमियों के सहयोग और श्रद्धा के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्वागत अध्यक्ष अविनाश राणा ने कहा कि 16वें वार्षिक श्याम संकीर्तन महोत्सव को लेकर श्याम प्रेमियों में विशेष उत्साह रहा। बाबा के दरबार में सभी भक्त समान हैं और यही भक्ति की सबसे सुंदर भावना है। महोत्सव में पधारे अतिथियों का स्वागत अविनाश राणा एवं गजेन्द्र वर्मा ने किया।
इस अवसर पर संस्थापक हरिओम बाबा, अध्यक्ष बंशी वर्मा, ओमप्रकाश शर्मा, प्रवीण गोयल, स्वागत अध्यक्ष अविनाश राणा, पंकज लोहिया, किशन अग्रवाल, मनीष वर्मा, गजेन्द्र वर्मा, राजन गुप्ता, उमाशंकर अग्रवाल, गोपाल कृष्ण अग्रवाल, अरविंद वर्मा, हेमेंद्र अग्रवाल, रामकुमार गोयल, विष्णु वर्मा, अनुराग अग्रवाल, अमित सिंघल, अमित अग्रवाल, टीटू भाई, यश गर्ग, मुकुल सिंघल, शौर्य अग्रवाल, कृष्णा सिंघल, आनंद सिंघल, सोनू मित्तल, रोहित बंसल, शुभम बंसल आदि उपस्थित रहे।


