मुंबई: क्या दुनिया के हर रहस्य का जवाब केवल विज्ञान के पास ही होता है, या फिर कुछ अनुभव ऐसे भी होते हैं जहाँ इंसान की तार्किक सीमाएं पूरी तरह खत्म हो जाती हैं? इसी बेहद दिलचस्प और गहरे सवाल को बड़े पर्दे पर जीवंत करने के लिए एक नई हिंदी ड्रामा फिल्म ‘देवी विज्ञानम’ पूरी तरह तैयार है। यह फिल्म आगामी 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में अपनी दस्तक देने जा रही है।
निर्देशक कर्तव्य शाह ने इस फिल्म के माध्यम से विज्ञान, मानवीय तर्क और आध्यात्मिकता के बीच एक बेहद अनोखी और मर्मस्पर्शी कहानी को बड़े परदे पर पिरोया है।
किंग प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बनी फिल्म की कहानी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किंग प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले निर्मित की गई यह फिल्म मुख्य रूप से एक नास्तिक युवक कबीर की जिंदगी और उसकी सोच के इर्द-गिर्द घूमती है। कबीर की जिंदगी में अचानक कुछ ऐसी रहस्यमयी और अलौकिक घटनाएं घटित होती हैं, जो उसकी आज तक की पूरी तार्किक सोच को हिलाकर रख देती हैं।
मां करणी की दिव्य शक्ति से जुड़े ये गहरे अनुभव उसे अपनी पुरानी मान्यताओं और तर्कों पर दोबारा विचार करने के लिए विवश कर देते हैं। फिल्म का यह कॉन्सेप्ट दर्शकों को विज्ञान और आस्था के बीच एक नए नजरिए से सोचने पर मजबूर करेगा।
-अनिल बेदाग


