आगरा। कमला नगर स्थित अनुपम ओमेरेनियन हाइट्स रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी की ओर से श्री गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर श्री गिरिराज महोत्सव एवं अन्नकूट प्रसादी का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर सोसाइटी परिसर का मंदिर परिसर भक्ति और उल्लास से सराबोर नजर आया। श्री गिरिराज जी महाराज का विधि-विधान से पूजन स्वामी रामनरेश शास्त्री के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इसके उपरांत श्रद्धालुओं ने गिरिराज महाराज के दर्शन कर अन्नकूट प्रसादी ग्रहण की।
महोत्सव का विशेष आकर्षण वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भव्य महारास रहा। भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित मनोहारी प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। राधा-कृष्ण के दिव्य स्वरूप और महारास की मनमोहक झांकियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
सोसाइटी अध्यक्ष अमित अग्रवाल पारुल (मनोनीत पार्षद) ने बताया कि गोवर्धन पूजा भारतीय संस्कृति, प्रकृति संरक्षण और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अटूट श्रद्धा का प्रतीक है। इस प्रकार के धार्मिक आयोजन परिवारों को एक सूत्र में जोड़ने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी सनातन परंपराओं और संस्कृति से जोड़ने का माध्यम बनते हैं। सोसाइटी का प्रयास है कि सभी पर्व सामूहिक रूप से श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाए जाएं।
इस अवसर पर अनूप जैन, रेखा हस्सीजा, सिद्धार्थ मखीजा, अमित अग्रवाल, दिलीप मुरजानी, गोविंद अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, पंकज बंसल, शिल्पी गोयल, राहुल गुप्ता, विनोद कोठारी, रमेश भट्टर, नरेश अग्रवाल, मोहित गोयल, पवन बंसल, राजीव गुप्ता, सुभाष आदि उपस्थित रहे।

